मोदी की ललकार पर तिलमिलाया पाकिस्तान, कहा-कश्मीर से ध्यान भटकाने की कोशिश
नई दिल्ली। शनिवार को केरल से पीएम मोदी ने जब पाकिस्तान को ललकार तो वो तिलमिला गया। पीएम मोदी के पाकिस्तान द्वारा दुनिया भर में आतंकवाद निर्यात करने से जुड़े बयान को पाकिस्तान ने खारिज करने कोशिश की है। पाकिस्तान की तरफ से कहा गया है कि यह बयान 'सोचे-समझे तरीके से छवि खराब करने के अभियान' का हिस्सा है ताकि कश्मीर मुद्दे पर दुनिया का ध्यान भटकाया जा सके।

बयान में आरोप लगाया गया कि यह जाहिर है कि भारत हताशा में दुनिया का ध्यान कश्मीर में बेगुनाह और असहाय बच्चों, महिलाओं समेत कश्मीरियों के खिलाफ अपने बलों द्वारा किए जा रहे अत्याचारों से हटाने की कोशिश कर रहा है।
पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर भी लोग निकाल रहे हैं भड़ास
मोदी की धमकी से घबराए पाकिस्तान के लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली है। #BharatRonaBundKaro से कई मैसेज लिखे। ट्विटर पर किसी ने पाक आर्मी चीफ को सबसे बेहतर बताया तो किसी ने 1965 के वॉर की याद दिलाई।
केरल के कोझिकोड में क्या कहा पीएम मोदी ने?
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने पाकिस्तान पर सबसे तीखा हमला किया। उड़ी हमले के 7 दिन बाद मोदी ने पड़ोसी देश के हुक्मरानों को सीधे निशाने पर लिया। केरल के कोझिकोड में बीजेपी की रैली में 32 मिनट की स्पीच में उन्होंने 9 बार पाकिस्तान का नाम लिया। मोदी ने तीन बड़े बयान दिए।
- आतंकियों के लिखे भाषण पढ़कर कश्मीर के गीत गाने वाले पाकिस्तान के हुक्मरानों से हमें बात नहीं करनी।
- आतंकी कान खोलकर सुन लें, हमारा देश उड़ी हमले के शहीदों की कुर्बानी कभी नहीं भूलेगा।
- हमसे हजार साल लड़ने की बात कहने वाले पाक के हुक्मरानों की चुनौती मैं स्वीकार करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications