सर्जिकल स्ट्राइक के बाद 111 बार सीजफायर तोड़ने वाला पाक
सुधर नहीं रहा है पाकिस्तान, एक हफ्ते में 12 बार तोड़ चुका है युद्धविराम।
नई दिल्ली। सर्जिलक स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। गुरुवार को भारत की ओर से जानकारी दी गई है कि पिछले एक हफ्ते के दौरान पाकिस्तान की ओर से 12 बार युद्धविराम तोड़े जाने की घटनाएं हुई हैं।
पढ़ें-सर्जिकल स्ट्राइक के बाद 99 बार पाक ने तोड़ा युद्धविराम
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
गुरुवार को विदेश मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई है कि पाक के उच्चायुक्त को भारत की ओर से एक विरोध पत्र सौंपा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरून ने बताया कि भारत अब तक तीन बार विरोध पत्र सौंप चुका है।
स्वरूप ने कहा कि पाक की ओर से जारी फायरिंग साफ तौर पर वर्ष 2003 में भारत और पाक के बीच हुए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है।
पढ़ें16 वर्ष बाद बढ़ा शहीदों के परिवार को मिलने वाला मुआवजा
इंडियन आर्मी ने भी की थी पुष्टि
इससे पहले इंडियन आर्मी की ओर से जानकारी दी गई थी कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से अब तक पाक की ओर 99 बार युद्धविराम तोड़ा जा चुका है।
चार नवंबर को इंडियन आर्मी की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि पाक की ओर से जम्मू में इंटरनेशनल बॉर्डर और एलओसी पर लगातार फायरिंग जारी है।
उस समय एक सीनियर आर्मी ऑफिसर ने बताया था कि कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाक ट्रूप्स की ओर से भी जम्मू कश्मीर में स्थित एलओसी पर 99 बार फायरिंग की जा चुकी है और युद्धविराम को तोड़ा गया है।
यानी अगर अब इस 12 को भी जोड़ लिया जाए तो संख्या 111 बैठती है।
पढ़ें-भारत-पाक के बीच क्या है युद्धविराम समझौता
हार्ट ऑफ एशिया पर क्या बोले स्वरूप
वहीं विकास स्वरूप ने यह जानकारी भी दी कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि 'हार्ट ऑफ एशिया' कार्यक्रम में पाक की ओर से कोई शिरकत करने आ रहा है या नहीं। आपको बता दें कि पाक के विदेश मंत्री सरताज अजीज ने कहा है कि वह इस कार्यक्रम में शिरकत करने भारत आएंगे।