पीएम मोदी के काशी दौरे पर पी चिदंबरम ने उठाए सवाल, कहा- शहीदों को श्रद्धांजलि देने के वक्त कहां गायब थे?
नई दिल्ली, दिसंबर 14। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे को लेकर विपक्ष लगातार उनपर हमलावर है। पीएम मोदी पर ताजा हमला पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बोला है। उन्होंने कहा है कि संसद के शीतकालीन सत्र को छोड़कर प्रधानमंत्री काशी में घूम रहे हैं, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि संसद के प्रति उनके मन में कितना सम्मान है।

'...ऐसे मौकों पर पीएम मोदी को काशी या अयोध्या में ही पाएंगे'
पी चिदंबरम ने कहा कि सोमवार को संसद में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जानी थी, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री उसमें शामिल नहीं हुए, वो सब-कुछ छोड़-छाड़कर वाराणसी चले गए। आप उन्हें ऐसे मौकों पर सिर्फ वाराणसी और अयोध्या जैसी ही जगहों पर पाएंगे, संसद में नहीं। आपको बता दें कि सोमवार को संसद में हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई थी। इस मौके पर पीएम मोदी वाराणसी में थे। इसको लेकर विपक्ष उनपर हमला बोल रहा है।
राहुल गांधी ने भी पीएम मोदी पर साधा निशाना
Recommended Video
आपको बता दें कि पी चिदंबरम के अलावा विपक्ष के कई नेताओं ने पीएम मोदी के काशी दौरे को लेकर उनपर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर संसद में नहीं आने को लेकर हमला बोला है। राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि संसद में हमारी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, प्रधानमंत्री संसद में आते नहीं हैं और हमें राष्ट्रीय मुद्दों पर आवाज उठाने नहीं दी जाती, ये लोकतंत्र की दुर्भाग्यपूर्ण हत्या है।
आपको बता दें कि राहुल गांधी मंगलवार को उस मार्च में शामिल हुए थे, जो 12 सांसदों के निलंबन के खिलाफ निकाला गया था। ये मार्च विजय चौक से संसद तक निकाला गया था।












Click it and Unblock the Notifications