बेंगलुरु में हुई OxyBus सेवा की शुरुआत, इमरजेंसी में इतने कोविड मरीजों को मिलेगी राहत
बेंगलुरु, 11 मई: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मंगलवार को अनोखी ऑक्सीबस सेवा लॉन्च की है। इस सेवा से आपात स्थिति में एक साथ 8 कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट दी जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि फिलहाल ऐसी 20 यूनिट बेंगलुरु के सरकारी अस्पतालों और गंभीर मरीजों वाले केंद्रों के पास रखी जाएंगी। उन्होंने पूरे राज्य में भी इस तरह की ऑक्सीबस सेवा शुरू करने की बात कही है। इस बीच राज्य में कोविड संक्रमण पर नियंत्रण के लिए राज्य सरकार ने 2 करोड़ वैक्सीन की डोज खरीदने के लिए ग्लोबल टेंडर जारी करने का भी फैसला किया है।

मोबाइल ऑक्सीबस सेवा लॉन्च
मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने ट्विटर पर ऑक्सीबस सेवा लॉन्च करने की जानकारी देते हुए लिखा है, 'आपात स्थिति में कोविड-19 मरीजों के लिए अभिनव ऑक्सीबस सेवा लॉन्च की है। प्रत्येक अस्थाई ऑक्सीबस 8 मरीजों तक को सपोर्ट करेगी। बेंगलुरु के सरकारी अस्पतालों और गंभीर मरीजों वाले केंद्रों के पास ऐसी 20 यूनिट तैयार की जाएंगी और पूरे राज्य में ऐसी और यूनिट लगाई जाएंगी।' ऑक्सीबस के जरिए हर मरीज को कम से कम 4 से 8 घंटों तक ऑक्सीजन की सप्लाई मिलेगी। यह एक मोबाइल ऑक्सीजन बस है, जो 24 घंटे काम पर रहेगी। इन ऑक्सीबसों को जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल किया जाएगा।

कोविड मैनेजमेंट के लिए पारदर्शिता पर जोर
इससे पहले मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने राजधानी के मल्लेश्वरम स्थित आरोग्य सौधा का दौरान किया, जहां ब्रुहत बेंगलुरु महानगर पालिके ने कोरोना मरीजों को बेड आवंटित करने और दूसरी जरूरतों को पूरा करने के लिए कोविड वॉर रूम स्थापित किया है। सीएम ने कहा है, 'हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोविड-19 मरीजों को समय पर बेड की उपलब्धता बताने के लिए सिस्टम पारदर्शी और प्रभावी ढंग से काम करे।'
कर्नाटक में पौने 6 लाख ऐक्टिव केस
बता दें कि आज सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कर्नाटक में सोमवार को कोविड के 39,305 नए मरीज सामने आए और 596 मरीजों की मौत हो गई थी, जो महाराष्ट्र से भी ज्यादा है। वहां ऐक्टिव केसों की संख्या 5,71,026 दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications