इस वीकेंड से लीजिए लॉन्ग ड्राइव का मज़ा, पेट्रोल हुआ सस्ता
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में कमी के चलते पेट्रोल के दाम में एक रुपये प्रति लीटर की कटौती कर दी गई है। नई कीमतें मंगलवार आधी रात से लागू हैं। हालांकि, डीजल की कीमतों में कटौती के लिए विधानसभा चुनाव खत्म होने तक इंतजार करना होगा।

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में एक रुपये प्रति लीटर की कटौती की जिसमें स्थानीय बिक्रीकर या वैट शामिल नहीं है। इससे पहले, कंपनियों ने एक अक्टूबर को पेट्रोल की कीमत में 54 पैसे प्रति लीटर की कटौती की थी।
चुनाव के चलते एक दिन पहले हुआ ऐलान
कीमतों में संशोधन बुधवार शाम किया जाना था, लेकिन महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को ही इसकी घोषणा कर दी गई। इंडियन ऑयल कारपोरेशन के मुताबिक, स्थानीय बिक्रीकर की गणना के उपरांत दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 1.21 रपये घटकर 66.65 रुपये प्रति लीटर पर आ जाएगी। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 75.73 रपये से घटकर 74.46 रपये प्रति लीटर हो जाएगी।
पिछली बार कीमत संशोधन के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में लगातार नरमी का रुख है। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद डीजल कीमतों में 2.50 रुपये प्रति लीटर की कटौती हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो चार साल से ज्यादा समय में पहली बार डीजल के दाम घटेंगे।












Click it and Unblock the Notifications