Operation Sindoor: जाम किया चीनी डिफेंस सिस्टम, 23 मिनट में PAK के आतंकी अड्डों पर भारत का प्रहार!
Operation Sindoor: भारत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है। जब 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 बेगुनाह लोगों को गोलियों से छलनी कर दिया, तो पूरा देश गुस्से और गम में डूब गया। लेकिन उस गुस्से को हथियार बना कर भारतीय वायुसेना ने ऐसा जवाब दिया, जिसने पाकिस्तान को अंदर तक हिला दिया।
7 मई से 10 मई के बीच, भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया, एक ऐसा गुप्त और बेहद सटीक मिशन, जिसमें आतंक के अड्डों को निशाने पर लिया गया। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और POK में मौजूद 9 बड़े आतंकी शिविरों और 13 सैन्य ठिकानों को केवल 23 मिनट में तबाह कर दिया।

इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि भारत ने पाक के चीनी सिस्टम से लैस एयर डिफेंस को पहले ही जाम कर दिया, जिससे कोई भी रुकावट खड़ी नहीं हो सकी। यह मिशन न सिर्फ सैन्य क्षमता का प्रदर्शन था, बल्कि यह संदेश भी कि भारत अब हर आतंकी हमले का जवाब मैदान में देगा, वह भी दुश्मन के घर में घुसकर।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में भारत के कुल कितने फौजी शहीद हुए? किसी की जल्द होने वाली थी शादी, कोई था इकलौता बेटा
PM मोदी की अध्यक्षता में CCS की बैठक के बाद खुलासा
सरकार ने बुधवार को जानकारी दी कि इस गुप्त मिशन की जानकारी कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक के बाद सार्वजनिक की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। यह बैठक 10 मई को भारत-पाक के बीच चार दिन की लड़ाई के शांतिपूर्ण अंत के बाद हुई थी।
23 मिनट में 9 आतंकी ठिकानों को किया तबाह
7 मई की सुबह, IAF और सेना ने 23 मिनट के भीतर पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकवादी शिविरों पर सटीक हमले किए। यह सभी ठिकाने खुफिया जानकारी के आधार पर चुने गए थे और पहले से आतंकवाद से जुड़े रहे थे।
भारतीय हथियारों और तकनीक का प्रदर्शन
सरकार के अनुसार, इन हमलों में देश में बनी उन्नत तकनीक, लंबी दूरी के ड्रोन, स्मार्ट बम और गाइडेड मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। किसी भी भारतीय सैनिक या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा, जो योजना और निगरानी की ताकत को दिखाता है।
पहलगाम आतंकी हमले का जवाब था ऑपरेशन सिंदूर
यह मिशन 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें से 25 पर्यटक और 24 हिंदू थे। इसे 26/11 मुंबई हमलों के बाद सबसे बड़ा हमला माना गया।
9-10 मई की रात बड़ा पलटवार
9 और 10 मई की दरमियानी रात, IAF ने पाकिस्तान के 13 सैन्य एयरबेस और ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें रफीकी, मुरिद, चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर, सियालकोट, स्कर्दू और कराची स्थित मलिर कैंट जैसे अहम ठिकाने शामिल थे।
बड़े आतंकी ठिकानों को किया नेस्तनाबूद
IAF ने स्कैल्प क्रूज मिसाइल, ब्रह्मोस, हैमर और स्मार्ट बमों का इस्तेमाल कर मारक हमले किए। मर्कज सुब्हानअल्लाह (बहावलपुर), मर्कज तैयबा (मुरिदके), सियालकोट, मुज्फ्फराबाद, कोटली, भींबर और सरजाल जैसे प्रमुख आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम बना अभेद्य कवच
जब पाकिस्तान की एयर डिफेंस जाम हो गई, तब भारत की सुरक्षा प्रणाली पूरी तरह सक्रिय रही। वायुसेना, थलसेना और नौसेना की सामूहिक शक्ति से बना एयर डिफेंस ग्रिड चार स्तरों में काम करता है, जिसमें S-400, बराक-8, स्पाइडर मिसाइलें और उन्नत तोपें शामिल हैं। इसने पाकिस्तान की कई हमलों की कोशिशों को समय रहते नाकाम कर दिया।
'आतंक के खिलाफ अब समझौता नहीं'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरबेस के दौरे पर साफ कहा, "आतंकवाद को लेकर भारत की लक्ष्मण रेखा अब साफ है। अगर दोबारा कोई हमला हुआ, तो जवाब और भी जोरदार होगा। आतंक के विश्वविद्यालय अब नहीं बचेंगे।"
ये भी पढ़ें: India Vs Pakistan War: ऑपरेशन सिंदूर में मरने वाले आतंकियों को एक-एक करोड़ का मुआवजा देगा पाकिस्तान












Click it and Unblock the Notifications