बोले नवाब मलिक- बार्ज P305 के क्रू मेंबर्स की मौत के लिए ONGC जिम्मेदार, सस्पेंड हों आरोपी
मुंबई। साइक्लोन तौकते ने देश के कई हिस्से में भारी तबाही मचाई है। इस विनाशकारी तूफान के चलते मुंबई के निकट अरब सागर में जहाज बार्ज P305 डूब गया है। इंडियन नेवी और कोस्ट गार्ड बीते तीन दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। इसमें अबतक 188 लोगों को बचा लिया गया है। वहीं अबतक कुल 37 लाशें बरामद कर ली गई हैं। इसे लेकर अब राजनीति भी होने लगी है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने इन मौतों के लिए ओएनजीसी को जिम्मेदार ठहराया है। मलिक ने सरकार ने मांग की है इसके लिए जो भी जिम्मेदार हैं उन्हें फौरन सस्पेंड किया जाए।

इतना ही नहीं मलिक ने कहा कि आरोपी के खिलाफ धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज कर सजा दी जाए। नवाब मलिक ने कहा कि जब मौसम विभाग ने तौकते का अलर्ट तीन दिन पहले जारी किया था तो ओएनजीसी ने लापरवाही क्यों की। मलिक ने कहा कि मौसम विभाग ने तीन दिन पहले ही चेतावनी दी थी, यह ओएनजीसी की जिम्मेदारी थी, उन्होंने चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया, ओएनजीसी और एफकॉन्स एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन एक जांच पैनल पर्याप्त नहीं है, जिम्मेदारी तय करनी होगी और दोषी को सजा देनी होगी।
आपको बता दें कि भारतीय नेवी के ऑपरेशन की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ली है। पीएम मोदी ने नेवी के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की और ऑपरेशन की जानकारी ली। आपको बता दें कि बार्ज पर कुल 273 लोग सवार थे जिसमें से 188 लोगों को सकुशल बचा लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया, ''तलाश एवं बचाव अभियान अभी जारी है और लोगों को तट तक सुरक्षित लाने की उम्मीद हमने अब तक नहीं छोड़ी है।'' उन्होंने कहा कि हालांकि लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद समय बीतने के साथ खत्म होती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications