उमर अब्दुल्ला बोले- भाजपा दो बार दे चुकी जम्मू-कश्मीर के लोगों को धोखा, इस बार बताए सीएम फेस कौन
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भाजपा पर सूबे के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया है। नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने सोमवार को कहा कि भाजपा ने दो बार जम्मू-कश्मीर की अवाम को धोखा दिया है, लोग उनसे गुस्सा हैं। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि राज्य के लोग एक बार फिर से धोखा खाने के लिए तैयार हैं। इसलिए भाजपा चुनावों से भाग रही है।

भाजपा बताए, किसे बनाएगी मुख्यमंत्री
अब्दुल्ला ने कहा कि भाजपा को राज्य में अपने सीएम फेस का नाम बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी को चुनौती देता हूं कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के उम्मीदवार का बताए। राज्य की जनता को इस बात को जानने का हक है कि अगर वे बीजेपी को 25-26 विधायक देते हैं तो बीजेपी किसे मुख्यमंत्री बनाती है।

भाजपा पर हमलावर हैं उमर
इसके बाद ये अब्दुल्ला लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। इससे पहले 30 नवंबर को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली को जम्मू कश्मीर में दलबदलू विधायकों के जरिए सरकार बनाने की बीजेपी की कोशिश के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए। उससे पहले भी उन्होंने भाजपा पर राज्य में सियासी तौर पर गलत तरीके अपनाने का आरोप लगाया था।

राज्यपाल ने भंग कर दी थी विधानसभा
बता दें कि राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा को 21 नवंबर को तब अचानक भंग कर दिया था, जब पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद भाजपा के सहयोग से सज्जाद लोन के भी सरकार बनाने का दावा करने की बात सामने आई थी। पीडीपी से बीजेपी के समर्थन वापस लेने के बाद 19 जून को राज्य में राज्यपाल शासन लगाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications