नाले के गंदे पानी में होकर शव को ले जाना पड़ा श्मशान घाट, ओडिशा के कालाहांडी जिले की है घटना
भुवनेश्वर, अगस्त 12। ओडिशा के कालाहांडी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। दरअसल, यहां जिले के गोलामुंडा प्रखंड के बेहेरागुड़ा गांव में कुछ लोगों को अपने परिजन का अंतिम संस्कार करने के लिए एक नाले को पार करके जाना पड़ा। हैरान करने वाली बात यह है कि इस नाले को उन लोगों ने पानी में उतरकर पार किया, क्योंकि वहां ना तो कोई पुल था और ना ही कोई और ऐसा रास्ता, जिससे वो श्मशान घाट जा सके।

बारिश के कारण उफान पर था नाला
आपको बता दें कि ओडिशा में पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से बेहेरागुड़ा गांव का यह नाला उफान पर था। नाले का गंदा पानी सड़क तक आ गया और लोगों की आवाजाही जिससे बाधित हो गई। ऐसे में संता राणा नाम के एक शख्स की उस इलाके में मौत हो गई। परिजनों को संता राणा का शव श्मशान घाट तक ले जाने के लिए इस गंदे पानी के नाले में उतरकर उसे पार करना पड़ा।

तस्वीरें कर देंगी विचलित
इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि 4-6 लोग एक शव को कंधे पर लिए छाती तक भरे पानी में से जा रहे हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, संता राणा के रिश्तेदारों ने बताया है कि बारिश के कारण यह नाला रास्ते तक आ गया था। यहां अक्सर ऐसा ही पानी भर जाता है, लेकिन सरकार ने किसी पुल का निर्माण नहीं करवाया है।

बारिश के बीच शव को श्मशान घाट लेकर गए परिजन
आपको बता दें कि मंगलवार को संता राणा का निधन हुआ था। वो लंबे समय से लकवाग्रस्त थे। शव का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट जाना जरूरी था और श्मशान घाट नाले के पार था। नाले पर कोई पुल नहीं होने के कारण परिजनों को नाले में उतरकर ही उसे पार कर श्मशान घाट जाना पड़ा। इस दौरान बारिश भी हो रही थी, लेकिन परिजनों ने केले पत्ते का छाता बनाकर बारिश से बचने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications