Odisha Lok Sabha Chunav Voting: छठे चरण में ओडिशा की 6 सीटों पर मतदान, जानें क्या कहता है चुनावी समीकरण?
Odisha Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के 5 चरणों के मतदान संपन्न हो चुके हैं। अब छठे चरण में यानी 25 मई को छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में मतदान होगा। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव प्रचार 23 मई को ही थम गया।
छठे चरण में ओडिशा की 6 सीटों पर मतदान होगा। जिनमें संबलपुर, क्योंझर, ढेंकानाल, कटक, पुरी और भुवनेश्वर सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। मतदान का प्रतिशत और मतदाताओं का रुझान चुनाव के नतीजों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

किस सीट पर कौन मैदान में?
- संबलपुर लोकसभा सीट: यहां बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने नागेंद्र कुमार प्रधान को टिकट दिया है। उधर, बीजू जनता दल ने प्रणब प्रकाश दास पर भरोसा जताया है। साल 2019 में इस सीट पर बीजेपी के नितेश गंगा देब ने जीत हासिल की थी।
- कटक लोकसभा सीट: यहां बीजेपी ने भर्तृहरि महताब को अपना उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि महताब ने बीजू जनता दल को छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है। बीजू जनता दल ने सुभाष सिंह को उम्मीदवार के रूप में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता सुरेश महापात्र को टिकट दिया है।
- भुवनेश्वर लोकसभा सीट:अपराजिता सारंगी वर्तमान में भुवनेश्वर से सांसद हैं और एक बार फिर से बीजेपी ने इनपर भरोसा जताया है। वहीं, बीजू जनता दल ने मनमथ कुमार राउत्रे को अपना उम्मीदवार बनाया है। वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश राउत्रे के पुत्र हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) यानी कांग्रेस ने सैयद यासिर नवाज़ को चुनावी रण में उतारा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) ने सुरेश चंद्र पाणिग्राही को मैदान में उतारा है। इस बार का चुनाव काफी दिलचस्प और प्रतिस्पर्धी होने वाला है, जिसमें कई प्रमुख उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
- पुरी लोकसभा सीट: इस सीट को बीजू जनता दल का गढ़ माना जाता है। यहां से बीजेपी ने संबित पात्रा को 2019 में हुई हार का बदला लेने का मौका दिया है। वहीं, बीजद ने IPS रहे अरूप मोहन पटनायक को मैदान में उतारा है।
- क्योंझर लोकसभा सीट: इस सीट पर कांग्रेस ने बिनोद बिहारी नाइक को टिकट दिया है। बीजू जनता दल के धनुर्जय सिद्धू और भारतीय जनता पार्टी के अनंत नायक को चुनावी रण में उतारा है।
- ढेंकनाल लोकसभा सीट: बीजेपी ने रूद्र नारायण पाणि को चुनावी टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने सुष्मिता बेहरा को मैदान में उतारा है।
ओडिशा की सीटों का चुनावी समीकरण
ओडिशा की लोकसभा सीटों का चुनावी समीकरण इस बार काफी दिलचस्प और महत्वपूर्ण है। राज्य की 6 सीटों पर छठे चरण में मतदान होगा। ओडिशा की राजनीति में बीजू जनता दल (BJD) का प्रमुख प्रभाव रहा है, जो पिछले कुछ सालों से सत्ता में है। नवीन पटनायक के नेतृत्व में BJD ने राज्य में कई महत्वपूर्ण योजनाएं और परियोजनाएं लागू की हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता बढ़ी है।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी ने राज्य में कई रैलियों और सभाओं का आयोजन किया है, जिससे पार्टी को काफी समर्थन मिला है। बीजेपी ने खासतौर पर युवाओं और शहरी मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित किया है। पिछले कुछ चुनावों में BJP ने राज्य में अच्छा प्रदर्शन किया है और इस बार भी वे अपने प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी भी अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश में है। हालांकि, पिछले कुछ चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन वे अब भी संघर्ष कर रहे हैं। इसके अलावा, कुछ क्षेत्रीय और स्वतंत्र उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
क्या हैं स्थानीय मुद्दे?
कृषि, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे स्थानीय मुद्दे भी चुनावी परिणामों पर असर डाल सकते हैं। इस चुनाव में महिला मतदाताओं का भी महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है, क्योंकि ओडिशा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। इसके अलावा, युवा मतदाताओं का भी चुनाव परिणामों पर प्रभाव पड़ सकता है।
कुल मिलाकर, ओडिशा की लोकसभा सीटों का चुनावी समीकरण कई परतों में बंटा हुआ है और इसका परिणाम केवल वोटों की गिनती के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। 25 मई को डाले जाने वाले वोटों का परिणाम आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कौन सी पार्टी राज्य में अपने पैर जमाने में सफल रही?












Click it and Unblock the Notifications