ओडिशा में भारी बारिश से 20 घर क्षतिग्रस्त, 8 शहरों में स्कूल बंद
नई दिल्ली। ओडिशा में भारी बारिश की वजह से लोगों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। यहां गुमा, गजपति में भारी बारिश की वजह से लैंड स्लाइड में 20 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पिछले दो दिनों से ओडिशा के कई हिस्सो में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण ओडिशा में आने वाले दिनो में और भी बारिश हो सकती है। प्रदेश के 8 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र को बंद कर दिया गया। जिन जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र को बंद कर दिया गया है उसमे मुख्य रूप से कटक, भद्रक, गंजम, गजपति, ढेकनाल, पुरी, जाजपुर और केंद्रपाडा है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के डायरेक्टर रहमान बिस्वास ने बताया कि कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। ढेकनाल, केओंझर, कटक, खुर्दा और पुरी में भारी बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर बाढ़ की भी आशंका जताई गई है। बता दें कि भारी बारिश की वजह से प्रदेश में रेल संचालन भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। ईस्ट कोट्स रेलवे की ओर से बयान जारी करके गुरुवार को विशाखापटनम-बहरामपुर और बहरामपुर-विशाखापटनम पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया था।
भारी बारिश की वजह से मुखालिंग पहाड़ी पर भूस्खलन में 20 घर क्षतिग्रस्त हो गए और तकरीबन 22 घरों को नुकसान पहुंचा है। बारिश से ना सिर्फ लोगों के घर टूटे हैं बल्कि 150 से अधिक जानवरों की भी मौत हो गई है। इन जानवरों की मौत घर के गिरने से उसके नीचे दबने से हुई है। सड़क मार्ग भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications