Odisha Bandh: बालासोर मामले पर गरमाया माहौल, BJD के बाद आज कांग्रेस का ओडिशा बंद
Odisha Bandh: ओडिशा में आज माहौल गरम है। सड़कों पर सन्नाटा, बाजारों में ताले, और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन, ये सब कुछ एक 20 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत के बाद देखने को मिल रहा है। बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज की बीएड छात्रा ने कथित यौन उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई न होने पर खुद को आग लगा ली थी। तीन दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इसी के विरोध में कांग्रेस के नेतृत्व में आज आठ विपक्षी दलों ने मिलकर आज, 17 जुलाई को ओडिशा बंद बुलाया है।
बुधवार, 16 जुलाई को बीजू जनता दल ने ओडिशा बंद बुलाया था, आज कांग्रेस ने बंद का आवाहन किया है। इस बंद के जरिए विपक्ष राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहा है और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की नाकामी पर सवाल उठा रहा है। वहीं, आम जनता भी इस मुद्दे को लेकर भावुक है और न्याय की मांग के समर्थन में सड़कों पर उतर आई है।

क्या है मामला?
बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज में बीएड द्वितीय वर्ष की एक 20 वर्षीय छात्रा ने एक प्रोफेसर द्वारा कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर 13 जुलाई को कॉलेज कैंपस में खुद को आग लगा ली थी। छात्रा को 95% जलने के बाद AIIMS भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 15 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: बालेश्वर कॉलेज विवाद: ओडिशा में छात्रा के आरोपों पर शिक्षक की गिरफ्तारी, प्रिंसिपल पर भी गिरी निलंबन की गाज
कॉलेज के दो अधिकारी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल और शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष (HoD) को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा द्वारा आत्महत्या का कदम उठाने के बाद राज्य में राजनीतिक उबाल आ गया है।
#WATCH | Bhubaneswar | Opposition parties, led by the Congress, are observing an Odisha bandh in protest against the death of a student of Fakir Mohan (Autonomous) College by self-immolation. pic.twitter.com/tBzh5PrK0B
— ANI (@ANI) July 17, 2025
'सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा देने में की नाकामी'
ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि इस दुखद घटना ने सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति असफलता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समय पर कार्रवाई की होती, तो छात्रा की जान बच सकती थी। दास ने साफ किया कि बंद का मकसद पीड़िता को इंसाफ दिलाना और दोषियों को सजा दिलाना है।
क्या-क्या रहेगा बंद?
- सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद प्रभावी रहेगा।
- भुवनेश्वर, कटक और बालासोर समेत कई जिलों में सड़क परिवहन बाधित रहेगा।
- बसें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट ज्यादातर जिलों में बंद रहेंगे।
- दुकानें, बाजार, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
- सरकारी दफ्तरों में उपस्थिति पर असर पड़ सकता है, हालांकि बंद की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
- ट्रेनें चलेंगी, लेकिन कुछ स्टेशनों पर विरोध की वजह से देरी हो सकती है।
- बैंक खुले रहेंगे लेकिन स्टाफ की कमी या जल्दी बंद होने की संभावना है।
क्या रहेगा चालू?
- अस्पताल और इमरजेंसी सेवाएं सामान्य रूप से काम करेंगी।
- जरूरी सेवाएं जैसे दवाइयों की दुकानें, दूध बूथ और पेट्रोल पंप खुले रहेंगे।
जनता परेशान, लेकिन इंसाफ की मांग तेज
बंद से राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग जहां जरूरी सेवाओं को लेकर चिंतित दिखे, वहीं छात्रा के लिए न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ उमड़ी। यह साफ है कि राज्य की जनता इस घटना से आहत है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहती है।
सरकार पर बढ़ा दबाव
विपक्ष के इस बंद के बाद राज्य सरकार पर दबाव बढ़ गया है। फिलहाल लोग इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगी और कॉलेज प्रशासन में सुधार की ठोस पहल की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Balasore Bandh: ओडिशा में छात्रा की आत्महत्या के बाद सियासी भूचाल, BJD ने किया राज्य में बंद का ऐलान












Click it and Unblock the Notifications