Balasore bandh today: ओडिशा में छात्रा की आत्महत्या के बाद सियासी भूचाल, BJD ने किया राज्य में बंद का ऐलान
Balasore bandh today: : ओडिशा के बालासोर में फकीर मोहन कॉलेज (Fakir Mohan College) की 20 वर्षीय छात्रा सौम्या श्री की आत्मदाह से हुई मौत ने पूरे ओडिशा को सदमे में डाल दिया है। इस घटना ने समाज की संवेदनशीलता, राज्य की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सौम्या द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप और उसके बाद मिली उपेक्षा ने यह दिखा दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय तक उनकी पहुंच आज भी कितनी जटिल और पीड़ादायक हो सकती है। इस घटना ने राज्य में न सिर्फ भावनात्मक आक्रोश को जन्म दिया है, बल्कि राजनीतिक भूचाल भी खड़ा कर दिया है।

जहां एक ओर छात्रा की आत्महत्या (Odisha Student Suicide Case) ने पूरे समाज की आत्मा को झकझोर दिया है, वहीं दूसरी ओर बीजू जनता दल (BJD), कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इसे राज्य सरकार की नाकामी बताते हुए मुख्यमंत्री और शिक्षा तंत्र की जवाबदेही तय करने की मांग शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
सौम्या श्री, फकीर मोहन कॉलेज में एकीकृत बीएड पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसने कॉलेज के शिक्षक समीर रंजन साहू पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। लेकिन कॉलेज प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई न होने से निराश होकर, छात्रा ने 12 जुलाई को कॉलेज प्राचार्य कार्यालय के बाहर खुद को आग लगा ली। 95 प्रतिशत तक झुलस चुकी छात्रा को गंभीर हालत में भुवनेश्वर स्थित एम्स ले जाया गया, जहां उसने तीन दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद सोमवार रात दम तोड़ दिया।
BJD protest Balasore: बीजेडी ने किया बंद का आह्वान
छात्रा की मौत के बाद बीजू जनता दल ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। बीजेडी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बालासोर बंद का आह्वान किया, जो सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह टायर जलाए, विरोध प्रदर्शन किए और न्याय की मांग करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
बीजेडी विधायक व्योमकेश राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "छात्रा ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग और स्थानीय बीजेपी सांसद तक से मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। सरकार ने उसे जिंदा रहते भी नजरअंदाज किया और मरने के बाद भी। अब मुख्यमंत्री और जिम्मेदार अधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए।"
बीजेडी ने इस मुद्दे को लेकर राज्य भर में प्रदर्शन और जन-जागरण अभियान शुरू करने की भी घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि यह केवल एक छात्रा की मौत नहीं, बल्कि शिक्षा संस्थानों में व्याप्त सिस्टम की असफलता और सरकार की उदासीनता का नतीजा है।
#WATCH | Balasore, Odisha | Biju Janata Dal has called for Balasore bandh in protest against the death of student of Fakir Mohan (Autonomous) College by self immolation. pic.twitter.com/Bb0dDz64UU
— ANI (@ANI) July 16, 2025
कांग्रेस का भी ओडिशा बंद
कांग्रेस ने भी छात्रा की आत्मदाह से हुई मौत को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया है। कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने 17 जुलाई को राज्यव्यापी बंद की घोषणा की है। इस बंद को वामपंथी दलों समेत आठ विपक्षी दलों का समर्थन प्राप्त है। भक्त चरण दास ने कहा, "यह घटना यह दर्शाती है कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। यह बंद जनता की आवाज़ बनकर सरकार को उसकी जिम्मेदारी का एहसास कराएगा।"
जनता में आक्रोश, छात्रा का अंतिम संस्कार हजारों की मौजूदगी
छात्रा का अंतिम संस्कार मंगलवार को बालासोर जिले स्थित उसके पैतृक गांव में किया गया। गांव के श्मशान घाट पर हजारों लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रताप सारंगी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। गांव वालों ने नम आंखों से छात्रा को अंतिम विदाई दी। छात्रा के चचेरे भाई ने उसे मुखाग्नि दी।
सौम्या श्री की मौत ने ओडिशा के राजनीति को हिला दिया है। एक तरफ विपक्षी दल इस मुद्दे पर सरकार को घेरे हुए हैं और सड़कों पर उतर रहे हैं, वहीं सरकार पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है कि वह संस्थागत लापरवाही की जिम्मेदारी तय करे और ठोस सुधारात्मक कदम उठाए। आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि क्या यह आंदोलन छात्रा को न्याय दिला पाएगा, या फिर यह मामला भी केवल राजनीतिक बयानबाजी और प्रदर्शन तक सिमटकर रह जाएगा।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications