अब प्लेन में भी मिलेगा इंटरनेट, तैयारी जोरों पर
नई दिल्ली। हवाई यात्रा के दौरान अब आपको अपना मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट एयरप्लेन मोड पर रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बहुत जल्द आपको प्लेन में भी इन्हें चलाने का मौका मिलने वाला है।

जी हां...ये सच है। विमानन सचिव आरएन चौबे के मुताबिक सरकार अगले 10 दिनों के भीतर भारतीय हवाई क्षेत्र में वाईफाई की सुविधा देने का फैसला लेने वाली है।
उन्होंने बताया कि यह मुद्दा दूसरे विभागों के सामने भी उठाया गया है। आपको इस बारे में जल्द ही अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इस सेवा के बदले कीमत तय करने का फैसला एयरलाइंस पर ही छोड़ा जाएगा।
इस मुद्दे को लेकर टेलिकॉम, गृह और विमानन मंत्रालय के बीच विचार विमर्श हुआ था। इस बातचीत में सामने आया कि प्लेन के अंदर वाई-फाई सेवा देने से सुरक्षा के लिहाज से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं है।
एयरलाइंस अगर प्लेन के अंदर यह सुविधा देती हैं तो यात्री यात्रा के दौरान इंटरनेट की सहायता से व्हॉट्सऐप कॉल कर सकेंगे। फिलहाल कोई भी भारतीय विमान कंपनी यात्रा के दौरान वाई-फाई की सुविधा नहीं देती है।
विदेशी विमान कंपनियां भी भारतीय वायुक्षेत्र में तभी इंटरनेट की सुविधा प्रदान करती हैं, जब उनके पास लोकल सर्वर होता है।












Click it and Unblock the Notifications