किससे नाराज हैं अखिलेश यादव के लविंग अंकल अमर सिंह, क्यों दी इस्तीफे की धमकी?
लखनऊ। यूपी चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी में कलह के बादल घिर हुए हैं, कभी अखिलेश बनाम शिवपाल यादव का झगड़ा देखने को मिलता है तो कभी आजम खां नाराज हो जाते हैं लेकिन इस बार बात सीएम अखिलेश यादव के लविंग अंकल अमर सिंह की है।
जिन्होंने अभी कुछ दिन पहले ही पार्टी में वापसी की है और राज्यसभा से सपा सांसद बने हैं। लेकिन लग रहा है कि इस बार अखिलेश के चाचा अपने भतीजे से ही नाराज हो गये हैं। हालांकि अमर सिंह ने ये नहीं बताया कि वो किससे और किसलिए नाराज हैं लेकिन भड़कते हुए ये जरूर कहा कि पार्टी में इस समय मुलायमवादी होना अपराध हो गया है।
मुझे, बलराम यादव, और शिवपाल यादव सरीखे नेताओं को अपमानित किया जाता है, पार्टी मीटिंग में मैं, बेनप्रसाद सरीखे नेताओं के साथ पीछे की सीट पर बैठता हूं जबकि नरेश अग्रवाल जैसे लोग पूरी मीटिंग में छाये रहते हैं।
गुस्से में बोलते हुए अमर सिंह ने कहा कि सीएम साहब को फोन करो तो वो फोन पर नहीं आते और उनके सचिव कहते हैं कि आपका नाम लिस्ट में डाल दिया गया है, आपको बता दिया जाएगा और आप से बात करवा दी जाएगी।
हमें राज्यसभा में मूक बधिर बना दिया गया, मैं खुले आम कहता हूं कि मैं समाजवादी से पहले मुलायमवादी हूं और उन्हीं की वजह से सपा में वापस आया हूं लेकिन अगर चीजें ठीक नहीं हुईं तो मैं पार्टी प्रमुख के बजाय सीधे हामिद अंसारी के पास जाऊंगा और नवजोत सिंह सिद्दू की तरह इस्तीफा सौंप दूंगा।
मैं बस मुलायम सिंह का इंतजार कर रहा हूं, मेरे लिए पर्सनल रिश्ते बहुत ज्यादा अहम हैं, उन्होंने कहा कि जयाप्रदा के साथ भी अच्छा व्यवहार नहीं किया जा रहा है, इसलिए मैं अब जल्द ही इस मामले में फैसला लूंगा।













Click it and Unblock the Notifications