Bihar News: पटना में 272 करोड़ की दो नाला योजनाओं का शिलान्यास, सीएम ने दिए जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में दो महत्वपूर्ण ड्रेनेज परियोजनाओं का उद्घाटन किया है, जिसका उद्देश्य शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार करना और जलभराव की समस्याओं को कम करना है। इन पहलों में राजीव नगर और आनंदपुरी नालों का निर्माण शामिल है, जिससे स्थानीय परिवहन और स्वच्छता में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना जिलान्तर्गत आशियाना दीघा रोड में राजीव नगर के पास बने कार्यक्रम स्थल से 181 करोड़ रुपये लागत की कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) निर्माण योजना का तथा राजापुर पुल के पास बने कार्यक्रम स्थल से 91.27 करोड़ रुपये लागत की आनन्दपुरी नाला निर्माण योजना का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने शिलान्यास करने के पश्चात् कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) एवं आनंदपुरी नाला का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नाला निर्माण योजना के अंतर्गत नाले का पक्कीकरण किया जाएगा और इसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री का पूरे उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया और इस विकास कार्य के लिये उनका आभार व्यक्त किया।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हमने 21 फरवरी, 2025 को पटना जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया था और उस दौरान जिले की कई विकास योजनाओं की घोषणाएँ की थीं। उसी समय मैंने आनन्दपुरी नाला तथा कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) का निरीक्षण किया था जिसमें काफी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। उनकी समस्याओं को देखते हुए मैंने निर्देश दिया था कि इन नालों को ठीक करते हुए इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जाए ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो। मुझे खुशी है कि आज नगर विकास एवं आवास विभाग के द्वारा इन 2 महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास तथा कार्यारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने पर जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी एवं नाले के ऊपर टू-लेन सड़क निर्माण से लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी। शहर भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखेगा।
ज्ञातव्य है कि राजीव नगर नाला पटना शहर के जल निकासी हेतु एक महत्वपूर्ण नाला है। इसकी लंबाई 4.26 किलोमीटर है जो दीघा आशियाना रोड से प्रारंभ होकर कुर्जी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है। राजीव नगर नाले का पक्कीकरण एवं इसके ऊपर सड़क निर्माण की लागत राशि 181 करोड़ रुपये है। वहीं आनन्दपुरी नाला पटना शहर के जल निकासी हेतु एक महत्वपूर्ण नाला है। इसकी लंबाई लगभग 4 किलोमीटर है जो बाबा चौक से शुरू होकर अटल पथ एवं ए०एन० कॉलेज के पास से राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है। आनन्दपुरी नाले का पक्कीकरण एवं इसके ऊपर सड़क निर्माण की कुल लागत राशि 91.27 करोड़ रुपये है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री जिबेश कुमार, पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन, विधायक डॉ० संजीव चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ० चंद्रशेखर सिंह, नगर आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, नगर विकास एवं आवास विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती अभिलाषा शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications