दिल्ली के प्रदूषण से निपटने के लिए गडकरी का नया मास्टर प्लान, पराली से बनाई जाएंगी सड़कें
राजधानी दिल्ली वायु प्रदूषण से बुरी तरह प्रभावित है। दिल्ली सरकार ने इससे निपटने के लिए कई जरूरी कदम उठाए, लेकिन सभी नाकाफी साबित हुए। अब इस मुद्दे पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या का समाधान थोड़ा मुश्किल जरूर है लेकिन नामुमकिन नहीं। अगर केंद्र सरकार, राज्य सरकार, नगर निगम और किसान मिलकर प्रयास करें तो हम समस्या का समाधान कर सकते हैं। हमें राजनीति को भूलकर इस पर मिलकर काम करना चाहिए।

गडकरी ने आगे कहा कि हमने पराली से बायो CNG और LNG बनाया है, जिससे ट्रैक्टर और बसें चल सकती हैं। पानीपत में इंडियन ऑयल ने बड़ी परियोजना बनाई है। वहां पराली से रोज 1 लाख लीटर इथेनॉल और 150 टन बॉयो बिटुमेन बन रहा। हम इस बिटुमेन को सड़क निर्माण के लिए इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने दावा किया कि भारत सरकार अगले दो-तीन महीनों में इस तकनीकी को लॉन्च कर देगी। अगर ये सफल रही तो अगले साल तक पराली की समस्या से छुटकारा पाया जा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री के कहा कि मैं काफी वक्त से ये बात कह रहा कि हमारे किसान बिजली पैदा करने में सक्षम है। अब वो बिटुमेन और इथेनॉल का उत्पादन करके अच्छा पैसा कमा सकते हैं। गडकरी के मुताबिक वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। वो दिल्ली के चारों ओर 60,000 करोड़ रुपये की सड़कें बना रहे हैं, जिससे ये इलाका ट्रैफिक जाम से मुक्त हो जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन और ग्रीन हाइड्रोजन लाए गए हैं।
नितिन गडकरी ने दावा किया कि 8 साल में सड़क निर्माण में जितना काम हुआ, वो 65 सालों में नहीं हुआ। उन्हें लगता है कि 2024 के अंत से पहले भारत का सड़क ढांचा अमेरिका के सड़क ढांचे के बराबर होगा। मोदी सरकार इसमें सफल होगी। उन्होंने कहा कि हर साल देश में 5 लाख सड़क हादसे होते हैं, जिसमें सबसे ज्यादा पीड़ित 18-34 आयु वर्ग के लोग हैं। उनकी सरकार इसे कम करने की पूरी कोशिश कर रही है। गडकरी के मुताबिक दुर्घटनाओं को कम करने की पूरी कोशिश हो रही, लेकिन वो अभी संतुष्ट नहीं हैं। लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए, एक महत्वपूर्ण समस्या ये है कि किसी प्रकार के लोगों में कानून का कोई डर नहीं है। हमारा लक्ष्य 50% दुर्घटनाओं को कम करना है।












Click it and Unblock the Notifications