संसद में AAP सांसद संजय सिंह ने की निर्भया के दोषियों को जल्द फांसी देने की मांग, सरकार ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली गैंगरेप केस के दोषियों को जल्द फांसी देने की मांग करते हुए नोटिस दिया था। निर्भया केस पर राज्यसभा में बोलते हुए संजय सिंह ने राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट से दखल देने की अपील की ताकि सभी दोषियों को जल्द से जल्द फांसी पर लटकाया जा सके।

वहीं, संजय सिंह की इस अपील के बाद केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता प्रकाश जावड़ेकर ने आप नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि साल 2017 में दोषियों की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो गई थी लेकिन तिहाड़ जेल प्रशासन ने एक साल से अधिक वक्त लिया दोषियों को पूरी प्रक्रिया के बारे में बताने में। उन्होंने कहा कि दोषियों की फांसी में देरी दिल्ली सरकार के कारण हुई है।
बता दें कि दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने अगले आदेश तक निर्भया के दोषियों की फांसी पर रोक लगा दी थी। इससे पहले सभी दोषियों को एक फरवरी को सुबह 6 बजे फांसी दी जाने वाली थी। वहीं, फांसी टलने के बाद निर्भया के पिता बद्रीनाथ सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि निर्भया के दोषियों की फांसी में हो रही देरी के लिए सीएम केजरीवाल जिम्मेदार हैं।
AAP's Sanjay Singh in Rajya Sabha: I request for intervention of the President and Supreme Court for speedy execution of death sentence awarded to the convicts in Nirbhaya gang-rape case. pic.twitter.com/Uk6x3QpEqO
— ANI (@ANI) February 4, 2020
निर्भया के पिता ने यह भी कहा था कि दिल्ली की महिलाएं ये समझ लें कि दिल्ली में सिर्फ बिजली और पानी ही जरूरी है या महिलाओं की सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा था कि अगर दिल्ली सुरक्षित नहीं है, तो इसके लिए केवल और केवल अरविंद केजरीवाल ही जिम्मेदार हैं। जबकि निर्भया की मां आशा देवी ने कहा था कि दोषियों के वकील एपी सिंह ने मुझे चुनौती देते हुए कहा है कि दोषियों को कभी भी फांसी नहीं दी जाएगी। बता दें कि सात साल पहले के निर्भया गैंगरेप-मर्डर केस में चार दोषियों को कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई है।












Click it and Unblock the Notifications