क्या पश्चिम बंगाल बन रहा है विस्फोटकों का गढ़? 65 बम बरामद!
बर्दवान, पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल के बर्दवान में विस्फोटकों का जखीरा मिलने से इलाके में अफरा तफरा मची हुई है। माना जा रहा है कि बमों की संख्या 60 से 65 हो सकती है।

बीते दो अक्तूबर को ही बर्दवान में एक धमाका हुआ था, जिसमें बांग्लादेश के एक आतंकवादी संगठन की कथित संलिप्तता मानी जा रही है। फिलहाल एनएसजी की टीम बमों को डिफ्यूज़ करने में जुटी हुई है।
एनआईए अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी के जांच अधिकारियों ने जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ रेजाउल करीम नाम के एक शख्स के मकान की तलाशी ली और वहां से हथगोले बरामद किए. यह बरामदगी उस वक्त हुई जब जांच अधिकारी खागरागढ़ के पास बादशाही रोड पर माथपारा में रेजाउल के मकान की तलाशी ले रहे थे। दो अक्तूबर को खागरागढ़ में ही दुर्घटनावश धमाका हुआ था, जिसमें दो लोग मारे गए थे।
बर्दवान में पुलिस ने कहा कि तलाशी के दौरान एनआईए अधिकारियों ने कुछ बोरियां देखीं, जिसमें से एक हथगोला जमीन पर गिर गया। मामले में एनआईए का सहयोग कर रहे एनएसजी के जवानों को तुरंत बुलाया गया।
जवानों ने खोजी कुत्तों की मदद से कम से कम 40 हथगोले बरामद किए। पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर दी है. रेजाउल दो अक्तूबर के धमाके के बाद से ही फरार है।
गौरतलब है कि माल्दा में भी पुलिस ने बम बनाते दो लोगों को गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications