राष्ट्रपति चुनाव 2017: सोनिया गांधी से मिलेंगे राजनाथ और वैंकेया नायडू, विपक्षी दलों ने की बैठक
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर केंद्र में सत्ता संभाल रही भारतीय जनता पार्टी सभी दलों को एकजुट करने की कवायद में जुट गई है। इसको लेकर बीजेपी ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां काफी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। जहां प्रमुख विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अहम बैठक की, दूसरी बीजेपी की तरफ से तीन केंद्रीय मंत्रियों की समिति राष्ट्रपति चुनाव के संबंध में विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रही है। इसी कड़ी में वैंकेया नायडू और राजनाथ सिंह शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने वाले हैं।
आखिर कौन होगा देश का अगला राष्ट्रपति?

सोनिया से शुक्रवार को मिलेंगे बीजपी नेता
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर केंद्र में सत्ता संभाल रही भारतीय जनता पार्टी सभी दलों को एकजुट करने की कवायद में जुट गई है। इसको लेकर बीजेपी ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। जिसमें तीन केंद्रीय मंत्रियों अरुण जेटली, राजनाथ सिंह और वैंकेया नायडू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता लगातार विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं और राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर उनसे चर्चा जारी है।

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज
राजनाथ सिंह और वैंकेया नायडू ने इस संबंध में एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल और बीएसपी नेता सतीश मिश्रा से बातचीत की है। शुक्रवार को दोनों केंद्रीय मंत्री सोनिया गांधी से भी मुलाकात करने जा रहे हैं। उसी दिन उनके सीताराम येचुरी से इस बारे में चर्चा की संभावना है।

दिल्ली में विपक्षी दलों की हुई बैठक
दूसरी ओर राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों की बैठक हुई। इसमें आरजेडी, सीपीएम समेत कई दूसरे विपक्षी दल शामिल हुए। इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने बताया कि आज पहली बैठक थी, इसमें किसी नाम पर चर्चा नहीं हुई। अभी प्रक्रिया शुरू हुई है, उप-समिति की बैठक होगी जिसमें हम इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए अधिसूचना जारी
बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसमें नामांकन भरने की आखिरी तिथि 28 जून 2017 है। साथ ही नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 29 जून 2017 को की जाएगी और नामांकन पत्र को वापस लेने की तिथि 1 जुलाई 2017 है। चुनाव आयोग ने कहा है कि यदि चुनाव आवश्यक हुआ तो 17 जुलाई 2017 को होगा। मतगणना का समय सुबह 10 बजे से 5 बजे तक ही होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना 20 जुलाई (गुरूवार) को संपन्न होगी।












Click it and Unblock the Notifications