राष्ट्रपति चुनाव की अधिसूचना जारी, जानिए कौन-कौन है रेस में
नई दिल्ली। देश को जल्द ही उसका नया राष्ट्रपति मिलने वाला है। हालांकि अभी तक पक्ष या विपक्ष दोनों में से किसी ने भी इस बात का खुलासा नहीं किया है कि उनका प्रत्याशी कौन होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने आज 14 जून बुधवार को राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अधिसूचना जारी कर दी जिसके साथ ही निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

1 जुलाई को वापस होगा नामांकन
वहीं नामांकन भरने की आखिरी तिथि 28 जून 2017 है। साथ ही नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 29 जून 2017 को की जाएगी और नामांकन पत्र को वापस लेने की तिथि 1 जुलाई 2017 है। चुनाव आयोग ने कहा है कि यदि चुनाव आवश्यक हुआ तो 17 जुलाई 2017 को होगा। मतगणना का समय सुबह 10 बजे से 5 बजे तक ही होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना 20 जुलाई (गुरूवार) को संपन्न होगी।

लेकिन कौन होगा प्रत्याशी
इस सबके बीच अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रत्याशी कौन होगा? सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी ने राजनाथ सिंह, अरुण जेटली और वैंकेया नायडू का एक पैनेल बनाया है जो प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा तो करेंगे ही साथ ही विपक्ष के बीच पार्टी के प्रत्याशी के लिए आम सहमति बनाने का प्रयास करेंगे।

विपक्ष आज करेगा मीटिंग
बुधवार को ही विपक्ष ने कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के घर गठबंधन के नेताओं की मीटिंग बुलाई है जिसमें रणनीति तय किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का कहना है कि वो आज की बैठक के बाद राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं करेंगे। माना जा रहा है कि विपक्ष अभी भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने का इंतजार कर रहा है।

वैंकेया ने कहा..
राष्ट्रपति चुनाव के लिए गठित की गई कमेटी के सदस्य वैंकेया नायडू ने कहा है कि प्रत्याशी के नाम की चर्चा करने से पहले विपक्षी दलों समेत सभी से चर्चा करेंगे। इससे पहले विपक्ष ने संकेत दे दिया है कि यदि भाजपा आम सहमति वाले प्रत्याशी के चयन नहीं करेगी तो वो पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी को उम्मीदवार बनाएंगे।

ये है रेस में
बता दें कि सत्ताधारी दल से झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी का नाम रेस में हैं। वहीं विपक्ष से फिलहाल पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी का नाम सामने आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications