समाजवादी पार्टी में बढ़ा झगड़ा, नोटबंदी पर जेटली ने क्या कहा, पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में झगड़ा बड़ा होता जा रहा है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने नोटबंदी की जमकर सराहना की है। पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें...

नई दिल्ली। यूपी चुनाव से पहले राज्य की सत्ता संभाल रही समाजवादी पार्टी में झगड़ा बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव के बीच रस्साकसी तेज होती दिख रही है। ये पूरा हंगामा शुरू हुआ जब समाजवादी पार्टी के 325 उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आई। इसके साथ-साथ वित्त मंत्री अरुण जेटली ने नोटबंदी की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से अर्थव्यवस्था सुधरी है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए साल की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संदेश जारी कर सकते हैं। दूसरी ओर तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं जयललिता के निधन पर हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने शंका जताई है। पढ़िए पूरी खबर...

टिकट विवाद: शिवपाल की सफाई, अखिलेश के तेवर गरम

टिकट विवाद: शिवपाल की सफाई, अखिलेश के तेवर गरम

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में झगड़ा बड़ा होता जा रहा है। शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच खाई गहरी होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के 325 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के एक दिन बाद ये हंगामा मचा है। जानकारी के मुताबिक यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने अपने उम्मीदवारों की अलग लिस्ट बनाई है। माना जा रहा है कि उन्होंने 166 नाम इस लिस्ट में शामिल किया है। बता दें कि एक दिन पहले जारी हुई समाजवादी पार्टी की लिस्ट में अखिलेश समर्थक विधायकों और मंत्रियों के टिकट काटे गए थे। जिसके बाद अखिलेश यादव ने गुरुवार को इन नेताओं से मुलाकात की। मुलाकात में उन्होंने इन नेताओं से चुनाव लड़ने की तैयारी करने के लिए भी कहा है। इस बीच सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने अखिलेश यादव को बताया है कि सर्वे के आधार पर टिकटों का बंटवारा किया गया है। इसी के आधार पर उम्मीदवारों की लिस्ट निकाली गई है।

जेटली बोले, नोटबंदी के बाद हर लिहाज से सुधरी अर्थव्यवस्था

जेटली बोले, नोटबंदी के बाद हर लिहाज से सुधरी अर्थव्यवस्था

नोटबंदी के फैसले का शुक्रवार यानि 30 दिसंबर को आखिरी दिन है, इस फैसले के खत्म होने से पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली ने देशभर के लोगों को नोटबंदी के फैसले का समर्थन और सहयोग करने के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि हम सही दिशा में चल रहे हैं और देश को नुकसान नहीं बल्कि फायदा हुआ है। नोटबंदी से देश के राजस्व में बढ़ोत्तरी हुई है। नोटबंदी का विरोध करने वाले गलत साबित हुए हैं, देश की जीडीपी पर किसी भी तरह का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा है। नोटों की कमी पर बोलते हुए जेटली ने कहा कि रिजर्व बैंक के पास किसी भी तरह की कैश की कोई कमी नहीं है, बड़ी संख्या में पुरानी नोटों को नई नोट से बदल दिया गया है और अब पुरानी नोट और नई नोट के बीच अंतर बहुत कम हो गया है। 500 रुपए के नोट को भी बढ़ावा देने पर जेटली ने जोर दिया।

हाईकोर्ट के जज ने कहा, 'मुझे खुद जयललिता के निधन पर संदेह'

हाईकोर्ट के जज ने कहा, 'मुझे खुद जयललिता के निधन पर संदेह'

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) सुप्रीमो और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं जयललिता के निधन पर हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने शंका जताई है। हाईकोर्ट ने कहा है कि जयललिता के निधन पर मीडिया ने कई तरह के संदेह जताए थे। मुझे खुद जयललिता के निधन पर संदेह है। यह बातें मद्रास हाईकोर्ट के न्यायाधीश वैद्यमंगलम ने कही हैं। उन्होंने कहा कि जयललिता की मौत के बाद संदेहों से पर्दा उठाया जाना चाहिए। इससे पहले भी इस तरह की मांगें उठ चुकी है। चेन्नई स्थित एक गैर सरकारी संगठन ने भी सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर कर की थी। याचिका में कहा गया था कि जयललिता की मौत की जांच CBI से कराई जाए साथ ही उनके इलाज से जुड़े सारे दस्तावेज दिए जाएं। वहीं जयललिता के निधन के ठीक 3 दिन बाद अभिनेत्री गौतमी ने एक ब्लॉग लिख कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की थी कि इस मुद्दे से जुड़ी गोपनीयता से पर्दा उठाया जाना चाहिए।

शशिकला संभालेंगी AIADMK की कमान

शशिकला संभालेंगी AIADMK की कमान

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की अध्यक्ष रहीं जयललिता के निधन के बाद AIADMK की पहली जनरल काउंसिल मीटिंग में एक प्रस्ताव के जरिए शशिकला नटराजन को पार्टी महासचिव की कमान सौंप दी है। बृहस्पतिवार को हुई जनरल काउंसिल की बैठक के दौरान पारित किए गए एक प्रस्ताव में कहा गया है 'चिन्नम्मा पार्टी का नेतृत्व करेंगी।' एक अन्य प्रस्ताव में कहा गया है कि शशिकला तब तक के लिए पार्टी महासचिव पद के लिए नियुक्त की जाती हैं, जब तक कि कोई नया पार्टी महासचिव चुन कर नहीं आ जाएगा। जनरल काउंसिल मीटिंग की अध्यक्षता राज्य के मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम और पार्टी अध्यक्ष मधुसूदन ने की। हालांकि इस जनरल काउंसिल की मीटिंग से खुद शशिकला नदारद रहीं।

PM नरेंद्र मोदी नए साल के पहले फिर देंगे राष्ट्र के नाम संदेश

PM नरेंद्र मोदी नए साल के पहले फिर देंगे राष्ट्र के नाम संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राष्ट्र के नाम संदेश देंगे। माना जा रहा है कि पीएम का अगला राष्ट्र के नाम संदेश नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने के बाद की स्थिति पर आधारित होगा। संभावना यह भी जताई जा रही है कि मोदी राष्ट्र के नाम अपना अगला संदेश 31 दिसंबर को दे सकते हैं। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार पीएम नए साल की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संदेश दे सकते हैं। सभी मंत्रियों से कहा गया है कि वे कम से कम 10 जगहों पर जाए और बड़ी-बड़ी रैलियां करें। इसके लिए सभी 60 पन्ने के कागजात सौंपे गए हैं, जिसमें नोटबंदी के हर दृष्टिकोण पर सरकार का हर पक्ष विस्तार से दिया गया है। ये कागजात वित्त मंत्रालय की ओर से सौंपे गए हैं।

सपा का टिकट मिलने के बाद आगरा कैंट उम्मीदवार की मौत

सपा का टिकट मिलने के बाद आगरा कैंट उम्मीदवार की मौत

यूपी विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के 325 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले चंद्रसेन टपलू को आगरा कैंट विधानसभा सीट से टिकट दिया गया था। बताया जा रहा है कि चंद्रेसन टपलू को सुबह पेपर पढ़ते वक्त सीने में दर्द की शिकायत हुई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें दिल्ली के लिए रेफर किया गया, लेकिन दिल्ली ले जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। टपलू को अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। अचानक हुई इस मौत से समाजवादी पार्टी और उनके समर्थकों में काफी शोक है।

मोहन भागवत से मिलने क्यों पहुंचे रतन टाटा?

मोहन भागवत से मिलने क्यों पहुंचे रतन टाटा?

टाटा संस के चेयरमैन रतन टाटा, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मिलने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हेडक्वार्टर पहुंचे। फिलहाल साइरस मिस्त्री के साथ टाटा ग्रुप का विवाद चल रहा है और ऐसे समय में रतन टाटा अचानक मोहन भागवत से मिलने क्यों पहुंच गए, इस बारे में कई कयास लगाए जा रहे हैं। इस बारे में आरएसएस के सूत्रों का कहना है कि यह महज शिष्टाचार मुलाकात थी और देश के एक सम्मानित उद्योगपति व भाजपा के वैचारिक संगठन के मुखिया ने एक-दूसरे के साथ लगभग 35 मिनट तक बातें की।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+