New Coronavirus Strain: CSIR निदेशक बोले- वायरस में बदलाव के बावजूद प्रभावी होगी वैक्सीन
कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे पर बोले CSIR DG, वायरस में बदलाव के बावजूद काम करेंगी वैक्सीन
नई दिल्ली। ब्रिटेन (UK) में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन (New coronavirus strain) मिलने से दुनियाभर में एक डर का माहौल है। कोरोना वायरस के इस नए रूप से संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। इस बीच कोरोना वायरस में बदलाव को लेकर काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (CSIR) के चीफ डॉ शेखर सी मांडे ने कहा है कि इसके लिए बहुत ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा है कि जो कोरोना के जो टीके बन रहे हैं, वो वायरस में आए बदलाव के बावजूद प्रभावी रहेंगे।

कोरोना वायरस कई बार बदल चुका
सीएसआईआर के निदेशक डॉ शेखर सी मांडे ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा है, दुनिया भर में कोविड-19 के लिए जो वैक्सीन तैयार हो रही हैं। वो टीके वायरस में किसी भी तरह के बदलाव के बाद भी उससे लड़ने में सक्षम रहेंगे, इसकी बहुत ज्यादा संभावना है। उन्होंने कहा, चीन के वुहान में पहला मामला सामने आने के बाद से कोरोनो वायरस कई बार बदल चुका है। भारत में वायरस में बदलाव आए हैं, हालांकि ये बदलाव मामूली रहे हैं।

भारत में भी कोरोना वायरस अलग-अलग तरह का
डॉ मांडे ने कहा, भारत के अलग-अलग हिस्सों में कोरोना वायरस के अलग-अलग तरह का है। दक्षिण में ये वायरस वैसा नहीं है जैसा दिल्ली में है। ये सभी जगह एक जैसा नहीं हैं। हम इसमें लगातार बदलाव देख रहे हैं और इसके लिए मुझे नहीं लगता कि चिंतित होने की कोई बात नहीं है। भारत और दुनियाभर में वायरस में बदलाव हो रहे हैं, उससे निपटने में लो तमाम वैक्सीन सक्षम रहेंगी जो दुनियाभर में बन रही हैं।

ब्रिटेन में मिले नए स्ट्रेन से बढ़ी हैं चिंताएं
ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट के मिलने के बाद से हंगामा मचा हुआ है। नए स्ट्रेन में पहले वाले वेरिएंट की तुलना में बहुत अधिक ट्रांस्मिसिबिलिटी है। इसका मतलब ये है कि पहले के वायरस के मुकाबले नया वायरस 70 फीसदी ज्यादा तेजी से संक्रमण फैलाता है। इसको लेकर अब तक 25 देशों ने ब्रिटेन की फ्लाइट्स पर रोक लगा दी हैं। वहीं ब्रिटेन की सरकार ने भी देश के कई हिस्सों में लॉकडाउन लागू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications