NEET UG Paper leak मामले में CBI का एक्शन, 6 आरोपियों के खिलाफ पटना में दाखिल की दूसरी चार्जशीट
NEET UG Paper leak: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने NEET UG 2024 प्रश्न पत्र लीक मामले में कड़ा एक्शन लिया है। सीबीआई ने छह आरोपियों के खिलाफ पटना में सीबीआई मामलों की स्पेशल कोर्ट में दूसरी चार्जशीट दाखिल की है। जिनमें झारखंड के हजारीबाग में परीक्षा के आयोजन के लिए जिम्मेदार अधिकारी भी शामिल हैं।
सीबीआई द्वारा दाखिल दूसरी चार्जशीट में बलदेव कुमार उर्फ चिंटू, सनी कुमार, अहसानुल हक (ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल और नीट यूजी 2024 के लिए हजारीबाग के सिटी कोऑर्डिनेटर), मोहम्मद इम्तियाज आलम (ओएसिस स्कूल के उप-प्राचार्य और केंद्र अधीक्षक), जमालुद्दीन उर्फ जमाल (हजारीबाग के एक रिपोर्टर) और अमन कुमार सिंह के नाम शामिल हैं।

खबर के मुताबिक, इन सभी पर धारा 120-बी (आपराधिक साजिश), धारा 109 (उकसाना), धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात), धारा 420 (धोखाधड़ी), धारा 380 (चोरी), धारा 201 (साक्ष्यों को गायब करना) और धारा 411 (बेईमानी से चोरी की गई संपत्ति प्राप्त करना) लगाई गई है।
दरअसल, नीट यूजी 2024 प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई को पता चला कि डॉ. हक ने सिटी कोऑर्डिनेटर के रूप में केंद्र अधीक्षक मोहम्मद इम्तियाज आलम और अन्य के साथ मिलकर NEET UG 2024 प्रश्नपत्र चुराने और लीक करने की साजिश रची थी।
इस मामल में सीबीआई ने 1 अगस्त को अपनी पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 13 लोगों के नाम शामिल हैं। अब तक 48 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें लीक में शामिल छात्र, सॉल्वर और सूत्रधार शामिल हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि बाकी गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में जांच और अन्य पहलुओं के संबंध में आगे की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications