ना NDA, ना INDIA... तो फिर किसके साथ गठबंधन करेगी BSP, मायावती ने खोले पत्ते
BSP chief Mayawati: बेंगलुरु में हुई बैठक के बाद विपक्ष ने ऐलान किया है कि उनके पास 26 दलों का गठबंधन है, जो मिलकर एनडीए से चुनावी अखाड़े में भिड़ेगा। वहीं एनडीए ने भी इसके जवाब में अपने खेमे की 38 पार्टियों के नाम गिना दिए हैं।
इस बीच, एक सवाल सभी के मन में उठ रहा था कि देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रह चुकीं बीएसपी सुप्रीमो मायावती किस गठबंधन के साथ जाकर चुनाव लड़ेंगी? अब खुद मायावती ने इसपर अपने पत्ते खोल दिए हैं।

मायावती ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए साफ कर दिया कि आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में बीएसपी ना तो एनडीए के साथ जाएगी और ना ही 'इंडिया' के साथ। मायावती ने कहा, 'कांग्रेस ने अपनी जैसी जातिवादी और पूंजीवादी सोच रखने वाली पार्टियों का एक गठबंधन बनाया है और एक बार फिर से केंद्र की सत्ता हासिल करने का सपना देख रही है। वहीं, एनडीए का भी यही हाल है, और वो खुद को मजबूत दिखाकर सत्ता में आना चाहते हैं।'
Recommended Video
'क्षेत्रीय दलों से होगा गठबंधन, लेकिन एक शर्त पर'
मायावती ने आगे कहा, 'इन दोनों ही गठबंधन की कथनी और करनी में अंतर एक जैसा है। कहने का मतलब ये है कि ये दोनों गठबंधन केवल सत्ता में आने के लिए अपने-अपने दावे ठोक रहे हैं। ऐसी स्थिति में लोकसभा चुनाव और इससे पहले होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीएसपी अकेले दम पर ही चुनाव लड़ेगी। हालांकि, हमारी पार्टी हरियाणा और पंजाब में जरूर क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन कर सकती है। लेकिन, इसकी भी एक शर्त है कि वर्तमान में उन क्षेत्रीय पार्टियों का एनडीए या यूपीए को बदलकर बने 'इंडिया' से कोई संबंध नहीं होना चाहिए।'
किन-किन राज्यों में हैं विधानसभा चुनाव?
आपको बता दें कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले देश के पांच राज्यों- राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हैं। इनमें से राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा की। वहीं, तेलंगाना में बीआरएस और आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी सरकार चला रही है। ऐसे में इन विधानसभा चुनावों पर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications