2016 में भारत में हुए सबसे ज्यादा बम धमाके, पाक, सीरिया से भी ज्यादा
2016 में देश में विस्फोट की 406 घटनाएं हुईं जिनमें आईईडी और आयुध कारखानों में हुई विस्फोट की घटनाएं भी शामिल हैं। मार्च में सबसे ज्यादा 42 जबकि अप्रैल में 36 विस्फोट हुए।
नई। एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते साल (2016) दुनियाभर में सबसे ज्यादा बम विस्फोट भारत में हुए। युद्ध, गृह-युद्ध और आतंकवाद की मार झेल रहे इराक, सीरिया और अफगानिस्तान जैसे देशों की तुलना में भी यहां ज्यादा बम विस्फोट की घटनाएं हुईं। ये रिपोर्ट राष्ट्रीय बम आंकडा केंद्र (एनबीडीसी) ने दी है।

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, एनबीडीसी ने रिपोर्ट में बताया है कि 2016 में देश में विस्फोट की 406 घटनाएं हुईं जिनमें आईईडी और आयुध कारखानों में हुई विस्फोट की घटनाएं भी शामिल हैं। मार्च में सबसे ज्यादा 42 जबकि अप्रैल में 36 विस्फोट हुए। भारत के बाद इराक में सबसे ज्यादा 221 विस्फोट हुए। विस्फोट के मामले में दूसरे नंबर पर आए इराक में विस्फोटों की संख्या भारत के मुकाबले तकरीबन आधी है।
भारत और इराक के बाद पाकिस्तान में सबसे ज्यादा विस्फोट की घटनाएं हुईं। पाकिस्तान में 2016 में बम विस्फोट की 161 घटनाएं हुईं। इसके बाद अफगानिस्तान में 132, तुर्की में 92, थाईलैंड में 71, दक्षिण अफ्रीका में 63, सीरिया में 56, मिस्र में 42 और बांग्लादेश में विस्फोट के 29 मामले सामने आए। भारत में बीते साल हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में आईईडी ब्लास्ट की संख्या 121 प्रतिशत बढ़ गई। जहां 2015 में 14 आईईडी ब्लास्ट हुए वहीं पिछले साल इनकी संख्या बढ़कर 31 हो गई। राष्ट्रीय बम आंकडा केंद्र (एनबीडीसी) की ये रिपोर्ट बीते हफ्ते आई है।












Click it and Unblock the Notifications