अब नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, पाकिस्तानियों भारत छोड़ो...
मेरठ। पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगाने की मांग पर हिंदी सिनेमा के लोगों के अंदर ही मतभेद दिख रहा है। बॉलीवुड का एक खेमा अगर पाक कलाकारों का विरोध कर रहा है तो वहीं दूसरा खेमा कलाकारों की पैरवी कर रहा है।
सलमान खान, करण जौहर जैसे दिग्गज लोग इस समय पाकिस्तानी कलाकारों की वकालत करने की वजह से ही लोगों के निशाने पर हैं। तो वहीं दूसरी ओर सलमान खान के बेहद करीबी माने जाने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सलमान खान से अलग बयान देकर सबको चौंका दिया है।
'बजंरगी भाईजान' और 'किक' जैसी फिल्मों में सलमान संग काम कर चुके नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि अभी भारत और पाकिस्तान के मध्य, हालत बहुत संवेदनशील हैं और बेहतर होगा कि पाकिस्तानी कलाकार, भारत छोड़ कर चलते बनें। सिद्दीकी ने ये बात मेरठ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में कही।
सिद्दिकी से जब पूछा गया कि क्या वो इस बात पर सलमान खान के खेमे में नहीं हैं तो उन्होंने कहा कि मसला ये नहीं कि मैं किस ग्रुप का हूं, ये हमारे वतन का मामला है और वतन से आगे ना कुछ था, ना है और ना ही हो सकता है इसलिए मैं पाकिस्तानी कलाकारों से कहता हूं कि हालात के मद्देनजर उन्हें इंडिया छोड़कर चले जाना चाहिए।













Click it and Unblock the Notifications