पीएम मोदी के 5 कटाक्ष: 'नाक पर हाथ रख कर इंदिरा गांधी आती थीं गुजरात'

नई दिल्ली। यूं तो पीएम मोदी आए दिन कांग्रेस पर हमला बोलते रहते हैं, लेकिन गुजरात के मोरबी में अपना भाषण देते हुए उन्होंने इंदिरा गांधी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को नेताओं को गुजरात की सड़कों से बदबू आती है, लेकिन हमारे लिए यह सुगंध है। उन्होंने अपनी बात में यह भी कहा कि समय अच्छा हो या फिर बुरा, लेकिन जनसंघ, आरएसएस और भाजपा हमेशा मोरबी के लोगों के साथ खड़े रहे हैं। आइए जानते हैं पीएम मोदी के 5 बयानों के बारे में, जिनसे उन्होंने कांग्रेस पर बोला हमला।

1- 'इंदिरा गांधी नाक पर हाथ रखकर आईं गुजरात'
पीएम मोदी ने मोरबी में भाषण देते हुए कहा- मुझे याद है कि जब एक बार इंदिरा गांधी मोरबी आई थीं तो यहां पर बदबू से परेशान हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने अपने मुंह पर रुमाल रख ली थी। उन्होंने यह भी कहा कि उस वक्त चित्रलेखा पत्रिका ने नाक पर रूमाल रखी उनकी तस्वीर भी छापी थी। पीएम मोदी ने अपनी नाक पर हाथ रखकर यह इशारा भी किया कि कैसे वह नाक ढककर मोरबी आईं थीं।

2- 'कांग्रेस के लिए विकास का मतलब सिर्फ हैंडपंप'
वह बोले कि कांग्रेस के लिए विकास का मतलब हैंडपंप था, जबकि भाजपा के लिए पाइपलाइन। वह बोले कि सौराष्ट्र और कच्छ के लोगों की मुख्य समस्या पानी थी, जिसकी कमी होने से समाज पर बुरा असर पड़ रहा था। भाजपा ने नर्मदा के पानी को इस क्षेत्र तक पहुंचाया है। किसानों तक पानी पहुंचने से उनकी आमदनी बढ़ी है।

3- 'गुजरात की धरती पर अनाप-शनाप बोल रही कांग्रेस'
पीएम मोदी ने इससे पहले कांग्रेस पर हमला करते हुए यह भी कहा था कि कांग्रेस गुजरात की धरती पर आकर अनाप-शनाप बोल रही है। राहुल गांधी पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि एक ही परिवार देश पर बरसों से राज कर रहा है। वह बोले कि कांग्रेस के राज में एक भी कृषि विश्वविद्यालय नहीं बना, लेकिन हमने चार कृषि विश्वविद्यालय बनाए हैं।

4- 'कांग्रेस ने गुजरात को नहीं स्वीकारा'
पीएम मोदी ने कहा है कि कांग्रेस ने कभी भी गुजरात को नहीं स्वीकार किया है। वह बोले कि मुझ पर कोई आरोप नहीं है, लेकिन फिर भी कांग्रेस झूठे आरोप लगाती है। गुजरात के लोगों को भावुक तौर पर खुद से जोड़ते हुए पीएम बोले कि कांग्रेस के नेता गुजरात की धरती पर आकर उसी के बेटे का अपमान करते हैं, गुजरात इसके लिए कांग्रेस को माफ नहीं करेगा।

5- 'कांग्रेस के पास न नेता, न नीति, न ही नीयत'
पीएम मोदी ने कांग्रेस को निराशा में डूबी हुई एक पार्टी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के पास न तो कोई अच्छी नीति है, न ही कोई नेता। इतना ही नहीं, कांग्रेस की नीयत पर भी पीएम मोदी ने सवाल खड़ा किया है। वह यह भी बयान दे चुके हैं कि मैंने चाय बेची है, देश नहीं।












Click it and Unblock the Notifications