...जब बीजेपी से नाराज होकर कांग्रेस ज्वाइन करने पार्टी मुख्यालय पहुंच गए 'नरेंद्र मोदी'
Recommended Video

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में बुधवार को कांग्रेसी कार्यकर्ता उस वक्त भौचक्के रह गए जब उन्होंने अचानक परिसर में 'नरेंद्र मोदी' को टहलते हुए पाया। हालांकि जल्द ही लोगों को अहसास हो गया कि ये पीएम तो नहीं हो सकते जरूर उनकी तरह दिखने वाला कोई शख्स है। था भी ऐसा ही, वो कोई और नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की तरह दिखने वाले और उनके समर्थक अभिनंदन पाठक थे। अभिनंदन ने अब पीएम और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस मुख्यालय में अभिनंदन पाठक ने कहा कि वो आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रचार करेंगे। आपको बता दें कि अभिनंदन पाठक ने शुरुआत के दिनों में खुद को पीएम मोदी का छोटा भाई बताया था। विस्तार से जानिए

राज बब्बर से मुलाकात कर कही ये बात
अभिनंदन पाठक को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जब मुख्यालय परिसर में देखा तो उनसे सवाल करने लगे। कार्यकर्ता उनसे पूछने लगे कि मेरे 15 लाख रुपए खाते में कब आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पीएम मोदी पर कालाधन वापस लाने और 15 लाख रुपये हर खाते में देने के वादे से मुकरने का आरोप लगाती रही है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के इस सवाल पर अभिनंदन पाठक शांत हो गए। अभिनंदन पाठक ने कहा, 'इन्हीं सवालों ने मुझे कांग्रेस पार्टी की तरफ आने के लिए मजबूर किया है। मैंने 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ चुनाव प्रचार करने का मन बनाया है।' पाठक ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर से भी मुलाकात की।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं अभिनंदन
अभिनंदन पाठक सहारनपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले चुनाव प्रचारों में बीजेपी ने उनका खूब उपयोग किया। 2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव और 2017 यूपी विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी की रैलियों में वह आकर्षण का केंद्र बने रहे। पाठक 1999 में लोकसभा और 2012 में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा वह सहारनपुर में दो बार पार्षद के रूप में भी राजनीतिक पारी खेल चुके हैं। अभिनंदन पाठक ने कहा कि मैंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर से अपील की है कि वह पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मेरी मुलाकात कराएं ताकि मैं उन्हें अपनी इच्छा बता सकूं।

कांग्रेस ज्वाइन करने की अर्जी
बता दें कि अभिनंदन पाठक मोदी के हमशक्ल के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। कई टीवी चैनलों पर मोदी के डुप्लीकेट और हमशक्ल के तौर पर जिस शख्स को दिखाया है वह अब कांग्रेस की चौखट पर आ पंहुचा है। सब ठीक रहा तो वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications