बीजेपी बूथ वर्कर्स से बोले पीएम मोदी- पूरा देश जवानों के साथ खड़ा
नई दिल्ली। पीएम नरेन्द्र मोदी ने आज बीजेपी के कार्यकर्ताओं, वॉलंटियर्स और समर्थकों के साथ संवाद किया। विपक्ष की तीखी आलोचनाओं के बीच बीजेपी के मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम की शुरुआत हुई जहां पीएम मोदी ने कहा कि इस समय देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर डटा है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक है, इसलिए हम सबको भी देश की समृद्धि और सम्मान के लिए दिन रात एक करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा देश नई नीति और नई रीति के साथ अपनी क्षमताओं का विस्तार करने में जुटा हुआ है।
भारत को अस्थिर करने के लिए आतंकी हमले के साथ-साथ दुश्मनों का एक मकसद ये भी होता है कि हमारी प्रगति रुक जाए, हमारी गति रुक जाए, हमारा देश थम जाए। उनके इस मकसद के सामने हर भारतीय को दीवर बन कर के खड़ा होना है। पीएम मोदी ने कहा कि इस वैभवशाली न्यू इंडिया के निर्माण के लिए वर्तमान में देश के कोटि-कोटि जनों के विश्वास में जो मजबूती है, जो आत्म विश्वास है, उसे एक धागे में पिरोना है। जिसे हम भारत माता के चरणों में अर्पित कर सके।
पीएम मोदी ने कहा, 'India will live as one, grow as one, fight as one, win as one.' उन्होंने कहा कि भारत का युवा आज उत्साह से परिपूर्ण है, देश के किसान से लेकर देश के जवान तक सभी को ये विश्वास मिला है कि नामुमकिन अब मुमकिन है। पूरा देश आज एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। हमारी सेनाओं के सामर्थ्य पर हमें भरोसा है इसलिए बहुत आवश्यक है कि कुछ भी ऐसा न हो जिससे उनके मनोबल पर आंच आए। या हमारे दुश्मनो को हमारे पर ऊँगली उठाने का मौक़ा मिल जाए।












Click it and Unblock the Notifications