पुलिस बने और SMART, फिल्मों से बदली जाए खराब इमेज: नरेन्द्र मोदी
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश में लोगों को पुलिस के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है और ऐसा तभी हो सकता है जब वे जमीनी हकीकत से रूबरू हों। पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षकों (आईजीपी) के 49वें अखिल भारतीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमारे पुलिस बल के प्रति लोगों की सोच बदल सकती है और ऐसा जमीनी हकीकत को जानकर किया जा सकता है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा, 'हर राज्य में शहीदों की किताब हो और उनके सम्मान के लिए टास्कफोर्स बने। इसके साथ ही हर थाने की अपनी वेबसाइट हो जिसमें थाने की कार्रवाई का ब्योरा हो। आजादी के बाद 33 हजार जवान शहीद हुए, प्रहरियों के बलिदान बेकार नहीं जाने चाहिए। मोदी ने कहा, ''हिंदुस्तान की फिल्मों से पुलिस की जनमानस की छवि बिगड़ गई है। अभी तक ऐसी कोई फिल्म नहीं देखी, जिसमें पुलिसवालों के त्याग को दिखाया गया हो।
पुलिसवालों को फिल्म प्रोड्यूसर से मिलना चाहिए और अपने बारे में बताना चाहिए। पुलिसवालों के प्रति लोगों की सोच बदली जानी चाहिए। पुलिस की निगेटिव चीजें मीडिया में छाई रहती हैं, लेकिन सैकड़ों अच्छी चीजें दबी रह जाती हैं। मैंने गुजरात में एक प्रयोग किया है, हर पुलिस थाने में एक वेबसाइट हो। आप निराश न हो, आप के माध्यम से देश में अच्छे काम हो रहे हैं। वेबसाइट पर हर हफ्ते अपनी सकारात्मक स्टोरीज डालें। आर्टिफिशियल कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। आप इस दिशा में सक्रियता से सोचें।''












Click it and Unblock the Notifications