गोडसे ने एक को मारा, कसाब ने 72 को और राजीव ने 17 हजार को, ट्वीट करने वाले बने कर्नाटक के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने नलिन कुमार कतील को कर्नाटक का पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया है। नलिन कुमार बीएस येदियुरप्पा की जगह लेंगे जिन्होंने सीएम चुने जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ दिया है। कर्नाटक की दक्षिण कन्नड सीट से सांसद नलीन कुमार राज्य के पुराने भाजपाई हैं। वो अपने छात्र जीवन से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं।

नलिन कुमार 18 साल की उम्र में आरएसएस के प्रचारक बन गए थे। आरएसएस के बाद वो भाजपा में आए। 2004 में भाजपा ने उनको संगठन में जिला महासचिव का पद दिया। 2009 में वो लोकसभा का चुनाव लड़े और जीतकर संसद पहुंचे। इसके बाद 2014 और 2019 में भी वो सांसद चुने गए।
53 साल के नलिन कुमार कई बार अपने बयानों को लेकर विवादों का भी सामना कर चुके हैं। उनके किए ट्वीट, 'गोडसे ने एक को मारा, कसाब ने 72 को और राजीव ने 17 हजार को, अब आप देखिए कौन सबसे ज्यादा जालिम है' पर काफी विवाद हुआ था। बाद में ट्वीट के लिए उनको माफी भी मांगनी पड़ी थी।
बीएस येदियुरप्पा ने 26 जुलाई 2019 को चौथी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़ दिया। जिसके बाद भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नलिन कुमार के कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बनने की जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications