Bihar News: मुसल्लहपुर बाजार समिति का होगा अत्याधुनिक कायाकल्प, किसानों और व्यापारियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
पटना में मुसल्लहपुर कृषि उपज मार्केट यार्ड ₹68.41 करोड़ के आधुनिकीकरण और नवीनीकरण से गुजर रहा है। यह परियोजना, बिहार की कृषि योजना का हिस्सा है, जिसमें ई-नाम एकीकरण, बेहतर पानी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, व्यापार मंच और भंडारण सुविधाएं शामिल हैं, जिसका उद्देश्य एक आधुनिक, किसान-अनुकूल बाजार बनाना है।
कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरुवार को पटना स्थित मुसल्लहपुर कृषि उत्पादन बाजार प्रांगण का स्थल निरीक्षण कर आधुनिकीकरण और जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि मुसल्लहपुर कृषि उत्पादन बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण और जीर्णोद्धार के लिए कृषि विभाग द्वारा 68.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में एपीएमसी एक्ट समाप्त होने के बाद राज्य सरकार द्वारा तैयार कृषि रोडमैप के तहत सभी बाजार प्रांगणों को आधुनिक और मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को बेहतर विपणन व्यवस्था मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाजनक बाजार व्यवस्था उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से मुसल्लहपुर बाजार प्रांगण को ई-नाम (e-NAM) प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंडियों तक पहुंच मिलेगी और उनके उत्पादों के बेहतर दाम सुनिश्चित हो सकेंगे।
परियोजना के तहत बाजार प्रांगण में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रणाली, ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और गोदाम जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इससे किसानों और व्यापारियों को एक सुव्यवस्थित और आधुनिक बाजार परिसर उपलब्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कृषि विपणन निदेशक सह प्रशासक शैलेन्द्र कुमार और निर्माण एजेंसी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि बाजार प्रांगण के लगभग तीन-चौथाई हिस्से का अब तक नापी और सीमांकन नहीं होने के कारण चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अंचलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को जल्द सीमांकन कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान पटना फल-सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष शशिकांत प्रसाद ने बाजार प्रांगण के विकास से जुड़े कुछ सुझाव और मांगें भी रखीं। उन्होंने बाजार परिसर में कंट्रोल्ड एटमॉस्फियर (सीए) कोल्ड स्टोरेज, संतरा भंडारण के लिए दो विशेष चैंबर और एक प्रदर्शनी हॉल बनाने का प्रस्ताव दिया। साथ ही गेट नंबर-2 से आने वाले किसानों के वाहनों को नो-एंट्री से मुक्त करने की मांग भी की, ताकि किसानों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।
कृषि मंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बाजार प्रांगण को आधुनिक, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाया जाएगा।
निर्माण एजेंसी के अनुसार मुसल्लहपुर बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण और जीर्णोद्धार का कार्य वर्ष 2026 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को बेहतर बाजार, आधुनिक कृषि अवसंरचना और पारदर्शी व्यापार व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications