फ्रांस अटैक: एफआईआर होने पर बोले मुनव्वर राना- माफी नहीं मांगूंगा चाहे फांसी चढ़ा दो
फ्रांस हमले पर दिए बयान पर कायम, माफी नहीं मांगूगा चाहे फांसी दे दो
नई दिल्ली। फ्रांस में हुए हालिया आतंकी हमले पर दिए बयान को लेकर लेखक और शायर मुनव्वर राना पर एफआईआर दर्ज हो गई है। इस पर राना ने कहा है कि वो अपने बयान पर कायम हैं। राना ने कहा, मैंने जो कहा है उसके लिए किसी कीमत माफी नहीं मांगूंगा, चाहे जेल भेजा जाए या फिर फांसी क्यों ना चढ़ा दिया जाए। अपनी बात पर कायम रहूंगा। मुझे सच बोलने की जो सजा मिले वो मंजूर है।

यूपी सरकार पर साधा निशाना
केस दर्ज होने को लेकर मुनव्वर राना ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी अभी नहीं है। मुझे बताया गया है कि दीपक पांडे नाम के दरोगा ने मेरे ऊपर यह एफआईआर दर्ज करवाई है। मेरे खिलाफ किसी के इशारे पर कार्रवाई की गई है। मैं उन लोगो की तरह नहीं जो मुकदमे वापस करवाते फिरते हैं और सच बोलने से डरते हैं। अगर मेरी बात पर कोई गुनाह सिद्ध हुआ तो चौराहे पर गोली मार देना लेकिन अपनी बात से मैं पीछे नहीं हटूंगा।

69 साल की उम्र में मुझे शायर से जेहादी कह दो
मुनव्वर राना ने कहा कि मैं अपने बयान पर कायम हूं, मैं बात से बदलने वालों में नहीं हूं। 69 सल की उम्र में चाहे तो मुझे शायर से जेहादी कह दो या जो मर्जी कह दो, जो कहा है उस पर खड़ा हूं। भले ही फिर फांसी हो जाए। मुनव्वर राना ने ये भी कहा कि मैंने हमलों को कभी जायज नहीं कहा है। मैंने कोई ऐसी बात नहीं की है, जिससे दुनिया में कहीं भी कत्ल की हिमायत होती हो।

क्या है ये पूरा मामला
फ्रांस में हाल के दिनों में पैंगबर मुहम्मद का कार्टून दिखाने को लेकर एक टीचर की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले को लेकर मुनव्वर राना ने एक टीवी चैनल से कहा था कि अगर आप किसी का दिल दुखाएंगे तो आप तैयार रहें कि अब मारे जाएंगे। अगर कोई मेरे पिता या फिर मेरी मां का गंदा कार्टून बना दे तो हम उसे मार देंगे। इस बयान को लेकर उनके खिलाफ दो समुदायों के बीच वैमनस्यता बढ़ाने का मामला दर्ज कराया गया है। लखनऊ के हजरतगंज थाने में राना के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की 153 ए, 295 ए और 298 के तहत एफआईआर हुई है।












Click it and Unblock the Notifications