#KamalaMillsFire: हेमा मालिनी ने बढ़ती आबादी को बताया हादसे का जिम्मेदार
मुंबई। मुंबई के कमला मिल कंपाउंड में गुरुवार देर रात लगी आग में 14 लोगों की दर्दनाक मौत के लिए भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने लगातार बढ़ती आबादी को जिम्मेदार बताया है। रेस्तरां में आग लगी आग पर ससंद में आज पत्रकारों से बातचीत में हेमा मालिनी ने कहा, 'यह ऐसा मामला नहीं है कि पुलिस अपना काम नहीं कर रही। पुलिस ने अच्छा काम किया। लेकिन आबादी बहुत अधिक है। मुंबई जहां खत्म होता है, वहां से दूसरा शहर शुरू होना चाहिए लेकिन ये शहर लगातार बढ़ रहा है।' हेमा मालिनी ने कहा कि इस तरह के हादसों की वजह आबादी भी है, आबादी बहुत ज्यादा है। शहर बढ़े जा रहे हैं, इसको लेकर सख्त कदम उठाए जाने की जरूरत है। बीजेपी सांसद ने कहा, 'हर शहर में एक निश्चित आबादी ही रहनी चाहिए। इसके बाद अधिक लोगों को बसने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। इसके बाद लोगों को किसी नए शहर में जाना चाहिए।'

गुरुवार रात को हुआ भीषण हादसा
कमला मिल कम्पाउंड की एक बिल्डिंग में बने तीन पबों, वन अबव रेस्त्रां, लंदन टैक्सी बार और मोजोज पब में गुरुवार रात भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले वन अबव रेस्त्रां में लगी और फिर धीरे-धीरे लंदन टैक्सी बार और मोजोज पब भी इसकी जद में आ गए। इस भीषण आग में फंसे लोग खुद को बचा पाने में असफल रहे। पब के बाथरुम में कई लोगों की लाशें पाईं गईं। मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल है जो पब में एक पार्टी में शामिल होने आई थीं। इस घटना में अभी तक 14 लोगों की मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है जबकि करीब 15 लोगों घायल हैं।

CM फडणवीस ने लिया जायजा, 5 बीएमसी अधिकारी सस्पेंड
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को कमला मिल्स कम्पाउंड के रेस्टोरेंट्स में लगी भयावह आग के बाद वहां की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उन्होंने इस मामले में बीएमसी कमिश्नर को जांच का आदेश दिया है। अभी तक इस हादसे में मारे गए लोगों की मौत के जिम्मेदार बीएमसी के 5 अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।

संसद में भी उठा मामला
शुक्रवार को संसद में भी ये मामला उठा। मामले को उठाते हुए भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने उठाते हुए कहा था कि ये हादसा लापरवाहियों का नतीजा है। किसी भी रेस्टोरेंट या पब में आग से जुड़ी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था। शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत ने इस हादसे की न्यायिक जांच कराने की मांग की। मुंबई पुलिस ने इस मामले में तीन पब मालिकों, हितेश सांघवी, जिगर सांघवी और अभीजीत मनका के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पब मालिकों ने ना ही किसी तरह की सुरक्षा नियमों का पालन किया और ना ही पब में किसी तरह के अग्निशमन यंत्र को रखा था।












Click it and Unblock the Notifications