मुंबई: गोरेगांव इलाके में गटर में गिरा 3 साल का बच्चा, CCTV फुटेज आई सामने
Recommended Video
मुंबई। मायानगरी मुंबई में कई दिनों से हो रही बारिश के बीच सड़कों पर खुले पड़े मेनहोल और नालियां खतरा बन गई हैं। गोरेगांव इलाके में बुधवार की रात 3 साल के एक बच्चे के गटर में गिरने से हड़कंप मच गया। इस बच्चे का नाम दिव्यांशु बताया जा रहा है। बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है। तीन साल का मासूम 10 घंटे से भी अधिक वक्त से नाले में फंसा है जिसे बाहर नहीं निकाला जा सका है।

ये घटना गोरेगांव के अंबेडकर नगर इलाके की बताई जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में बच्चे के नाले में गिरने की पूरी घटना कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दिव्यांशु खेलते हुए घर से निकलकर सड़क पर आ जाता है। लेकिन जैसे ही वह वापस जाने के लिए मुड़ता है, उसका पैर फिसल जाता है और वह खुले नाले में गिर जाता है, ये हादसा बुधवार रात करीब 10.24 बजे हुआ।
फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है, दिव्यांशु को नाले से बाहर निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गटर में बारिश के पानी के लगातार गिरने के कारण बहाव तेज है। ये गटर ज्यादा गहरा नहीं हैं लेकिन आगे जाकर ये एक सीवर से मिलता है जो 10 फीट के अधिक गहरा बताया जा रहा है। ऐसे में बच्चे की सुरक्षा को लेकर हर कोई परेशान है।
बच्चे को निकालने की कोशिश जारी
दिव्यांशु के गटर में गिरने के बाद से घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। वही, पुलिस और बीएमसी की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं। घटना के तुरंत बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी थी। मौके पर पहुंची टीम रात भर आप-पास के सभी नाले को खोलकर दिव्यांशु की तलाश करती रही लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है। जबकि इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इसके लिए पूरी तरह बीएमसी जिम्मेदार है।












Click it and Unblock the Notifications