100 स्मार्ट शहर बनाने में साथ देंगी मल्टी नेशनल कंपनियां
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश में 100 स्मार्ट शहर बनाने के सपने को साकार करने के लिए हिताची इंडिया लिमिटेड और सीमेन्स लिमिटेड जैसी मल्टी नेशनल कंपनियों ने भी पहल की है। ये भी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहती हैं।

समझौता किया
मंगलवार को राजधानी में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के साथ एक संकाय बनाने के लिए समझौता किया जो देश में प्रायोगिक तौर पर 100 स्मार्ट शहरों की स्थापना करेगा। इस समझौते पर हिताची के प्रबंध निदेशक श्री इचिरो लीनो और सीमेन्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सुनील माथुर एवं सीआईआई के महानिदेशक श्री चंद्रजीत बनर्जी ने औद्योगिक नीति एवं संवर्द्धन विभाग के सचिव श्री अमिताभ कान्त की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
शहरों का हिस्सा तीन फीसद
इस अवसर पर श्री अमिताभ कान्त ने कहा कि हालांकि विश्व के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल में शहरों का स्थान मात्र तीन प्रतिशत है लेकिन वे सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 80 प्रतिशत और वैश्विक स्तर पर होने वाले उत्सर्जन में दो-तिहाई योगदान देती हैं। अत: एक व्यवस्थित तरीके एवं नवोन्मेषी प्रक्रिया के साथ शहरीकरण की प्रक्रिया को बढ़ावा देना एक चुनौती था।
जानकारों ने बताय़ा कि उक्त स्मार्ट शहरों की अवधारणा के क्रियान्वयन के लिए पूरे विश्व में जल, जन संसाधनों, सार्वजनिक स्थलों और तकनीक के प्रबंधन में अपनाई गई बेहतर पद्धतियों से प्राप्त अनुभवों को साझा किया जाएगा।
इससे पहले सीआईआई के महानिदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि यह सहमति पत्र हिताची और सीमेन्स जैसी अग्रणी तकनीकी कंपनियों को एक साथ लाने का मंच उपलब्ध कराता है और सैकड़ों स्मार्ट शहरों के क्रियान्वयन के दृष्टिकोण को साकार करे सकेगा।
मशहूर टाउन प्लानर जीपक मेहता कहते हैं कि देस में 100 नए स्मार्ट शहर बसाना वास्तव बहुत बड़ा काम है। इसके लिए हमें विदेसी कंपनियों का साथ और सहयोग चाहिए होगा।












Click it and Unblock the Notifications