मुलायम ने अखिलेश से ले रखा है 2.13 करोड़ का कर्ज, हलफनामे में खुलासा
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (Lok Sabha Elections 2019) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की संपत्ति में साल 2014 की तुलना में 3 करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई है। मुलायम सिंह यादव इस लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट से उम्मीदवार हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति के बारे में ये जानकारी नामांकन दाखिल करते समय हलफनामे में दी है। इस शपथ पत्र के मुताबिक, सपा संरक्षक के पास कार नहीं है। मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया था।

5 साल में 3 करोड़ घटी मुलायम की संपत्ति
हलफनामे में मुलायम सिंह यादव ने कुल 16.52 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति घोषित की है जो कि साल 2014 में घोषित संपत्ति से 3.2 करोड़ कम है। इस हलफनामे के मुताबिक, 24 सितंबर, 2015 को लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ एक केस दर्ज किया गया था। ये केस आईपीएस अमिताभ ठाकुर को फोन पर धमकी देने के मामले में दर्ज किया गया था। ये मामला कोर्ट में लंबित है।

अखिलेश से दो करोड़ 13 लाख रुपए का लिया है कर्ज
इस हलफनामे में, मुलायम सिंह यादव ने खुद को अपने बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कर्जदार भी बताया है। हलफनामे के अनुसार, उन्होंने अखिलेश यादव से 2.13 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी साधना यादव की सालाना आय क्रमश: 32.02 लाख रुपए और 25.61 लाख रुपए है। साधना यादव के पास पांच करोड़ 6 लाख रुपए की संपत्ति है।

मुलायम सिंह यादव के पास नहीं है कार
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव के पास कोई कार नहीं है। हालांकि, उनकी पत्नी के पास एक लग्जरी कार है। मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को मैनपुरी लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान उनके साथ अखिलेश यादव भी मौजूद थे। मैनपुरी सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद मुलायम सिंह यादव ने कहा कि वो प्रधानमंत्री पद की रेस में नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications