चुनाव जीतने के बाद भी आजमगढ़ की सीट पर काबिज रहेंगे मुलायम सिंह यादव

रामगोपाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि केन्द्र में तीसरे मोर्चे की ही सरकार बनेगी और चुनाव जीतने के बाद मुलायम मैनपुरी सीट छोड़ देंगे तथा आजमगढ़ सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौरतलब है कि मैनपुरी और आजमगढ़ से चुनाव लड़ रहे सपा प्रमुख ने गत चार अप्रैल को मैनपुरी से नामांकन दाखिल करने के फौरन बाद साफ कहा था कि वह यह सीट नहीं छोड़ेंगे। आजमगढ़ में उनके प्रतिद्वंद्वियों ने मुलायम के इस वादे को मुद्दा बनाते हुए प्रचार किया कि मुलायम इस सीट को छोड़ देंगे, लिहाजा मतदाता उन्हें वोट देकर अपना मत व्यर्थ ना गंवाएं। प्रतिद्वंद्वियों के इन हमलों ने सपा की पेशानी पर बल ला दिये थे। माना जा रहा है रामगोपाल ने यह बयान इसी वजह से दिया है। मालूम हो कि मैनपुरी में गत 24 अप्रैल को मतदान हो चुका है।
उन्होंने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि आजमगढ़ के नौजवानों पर आतंकवाद के 111 मुकदमे दर्ज किये गये जिनमें से 97 मामले फर्जी पाये गये। इससे साबित होता है कि आजमगढ़ को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। रामगोपाल ने दावा किया कि केन्द्र में तीसरे मोर्चे की ही सरकार बनेगी और आजमगढ़ की जनता के पास मुलायम को जिताकर प्रधानमंत्री बनाने का सुनहरा मौका है।












Click it and Unblock the Notifications