मुलायम सिंह की छोटी बहू ने फिर पढ़े मोदी के कसीदे, बताया रोल मॉडल
लखनऊ। जहां सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव पीएम मोदी और उनकी सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं और उनके विजयी रथ को रोकने के लिए महामोर्चा बना रहे हैं वहीं दूसरी ओर उनके अपने ही घर में उनकी बहू मोदी राग अलाप रही हैं। जी हां मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने एक बार फिर से नरेन्द्र मोदी की तारीफ की है।
बुधवार को एक सेमिनार को संबोधित कर रही अपर्णा यादव ने जमकर अखिलेश सरकार की निंदा की। प्रदेश की सपा सरकार को 'भोकाल सरकार' के तमगे से नवाजने वाली अपर्णा ने कहा कि सपा सरकार को देश के पीएम मोदी से कुछ सबक लेना चाहिए।
लोगों का भरोसा पीएम पर बहुत ज्यादा बढ़ा है तभी तो जब मोदी जी ने झाड़ू उठाई, तो पूरे देश में अभियान छिड़ गया, वो सभी के रोल मॉडल बन गये क्योंकि वो जो कहते हैं, वो उसे करते भी हैं लेकिन अफसोस सपा सरकार ऐसा नहीं कर रही है।
यह कोई पहला मौका नहीं हैं जब अपर्णा यादव ने मोदी की तारीफ की है, इससे पहले भी उन्होंने नोएडा के एक कार्यक्रम में मोदी के 'राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान' की भी प्रशंसा करते हुए कहा था कि इससे दुनिया में भारत की इमेज में सुधार होगा। पीएम का यह प्रयास सराहनीय है और हमें उनका सहयोग करना चाहिए।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी और समाज सुधारक हैं। लोगों के मन में उनकी छवि एक स्पष्ट वक्ता और स्वतंत्र विचारों वाली महिला की है।













Click it and Unblock the Notifications