'एक खून माफ होता तो मैं गोली मार देता', 8 मुकदमों वाले मुकेश सहनी का CEC पर विवादित बयान
Mukesh Sahani On Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार, 24 सितंबर को पत्रकारों से बातचीत में सहनी ने कहा कि अगर उन्हें एक हत्या की छूट मिलती तो वह सबसे पहले ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते।
सहनी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। सहनी ने चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।

'एक खून माफ होता तो सबसे पहले ज्ञानेश को गोली मार देता'
मुकेश सहनी ने कहा कि अगर संविधान उन्हें एक हत्या की अनुमति देता या एक हत्या माफ होती, तो वह सबसे पहले ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते। उन्होंने यह भी कहा कि वह संविधान को मानने वाले व्यक्ति हैं और इसी वजह से ऐसा कदम नहीं उठा सकते। सहनी ने बाद में अपने बयान को दोहराते हुए कहा कि अगर संविधान का बंधन नहीं होता तो वह खुद ऐसा कर देते। यह बयान उन्होंने चुनाव आयोग और SIR को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दिया।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
सहनी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मौजूदा व्यवस्था में मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर बदलाव किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले चयन प्रक्रिया में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और सुप्रीम कोर्ट के जज की भूमिका होती थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव किया गया। उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर कानून और उसके अधिकारियों की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। सहनी ने पूछा कि अगर चुनाव आयोग के अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हो सकती तो उनकी जवाबदेही कैसे तय होगी?
'चुनाव आयोग बीजेपी का आयोग बन गया'
VIP प्रमुख ने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता को सवाल पूछने चाहिए। सहनी का यह बयान SIR को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आया है। विपक्षी दल मतदाता सूची के पुनरीक्षण और नामों को हटाने की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। दूसरी तरफ, चुनाव आयोग ने SIR समेत अपने फैसलों को लेकर कहा है कि आधिकारिक फैसले सभी चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं।
'2029 में सरकार बदली तो जेल जाएंगे'
मुकेश सहनी ने अपने बयान में 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद सरकार बदलने का दावा करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार समेत मौजूदा व्यवस्था से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि अगर वे उस समय तक जीवित रहे तो जेल जाएंगे।
SIR विवाद के बीच आया बयान
सहनी की टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेद को लेकर भी चर्चा चल रही है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्तों ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा के दौरान राय या सुझाव अलग हो सकते हैं, लेकिन SIR सहित आधिकारिक फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं।
8 लंबित आपराधिक मामले दर्ज
आपको बता दें कि, हलफनामें के आधार पर मुकेश सहनी के खिलाफ करीब 8 लंबित आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह हलफनामा जनवरी 2021 का है। आइए लिस्ट में देखते हैं...
| FIR/केस नंबर | थाना | जिला |
| 69/2014 | L.N.M.U. | दरभंगा |
| 134/2015 | गांधी मैदान | पटना |
| 540/2015 | कोतवाली | पटना |
| 709/2015 | नगर टाउन | मुजफ्फरपुर |
| 506/2018 | हाजीपुर | वैशाली |
| 43/2019 | साकची | जमशेदपुर |
| 27/2019 | बिथान | समस्तीपुर |
| 350/2020 | सिमरी बख्तियारपुर | सहरसा |
अब आइए देखते हैं पूरा हलफनामा...
कांग्रेस नेता ने भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए
कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने सहनी की हिंसक टिप्पणी से दूरी बनाते हुए कहा कि वह ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करते और ऐसे बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। हालांकि, उन्होंने चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर राजनीतिक आरोप लगाए और दावा किया कि चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल हैं। उनके मुताबिक, जिन चुनावों में कथित तौर पर अनियमितताएं हुई हैं, वहां दोबारा चुनाव होना चाहिए।
बयान पर विवाद क्यों?
मुकेश सहनी का बयान इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें एक संवैधानिक पद पर बैठे अधिकारी को निशाना बनाकर गोली मारने की बात कही गई है। सहनी ने इसे संविधान और कानून के संदर्भ में कही गई बात बताया, लेकिन बयान का शब्द चयन राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है।
Download

Click it and Unblock the Notifications
