मुकेश अंबानी की किस संतान की ससुराल सबसे रईस? तीनों समधी हैं अरबपति
रिलायंस इंडस्ट्री के मालिक मुकेश अंबानी ने अपने तीनों बच्चों की शादियां रईस खानदानों में तय की हैं। दो बच्चों की शादी हो चुकी है और तीसरे की रोका सेरेमनी संपन्न हो चुकी है। सभी के ससुराल वाले अरबपति हैं।

भारत में जब भी सबसे अमीर शख्स की बात उठती है तो अंबानी-अडाणी का नाम सबसे पहले जुंबा पर आ जाता है। गौतम अडाणी के संपत्ति के मामले में आगे बढ़ने से पहले तक मुकेश अबानी देश के सबसे धनाढ्य व्यक्ति होते थे। इस समय वह दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। मुकेश अंबानी और नीता अंबानी की तीन संताने हैं। दो बेटे और एक बेटी। बड़े बेटे आकाश अंबानी और बेटी ईशा अंबानी की शादी पहले ही हो चुकी है। अब बारी अनंत अंबानी की है और उनके विवाह की रस्में भी शुरू हो चुकी हैं। आइए जानते हैं कि अंबानी परिवार ने जिन तीन कारोबारी घरानों में अपने बच्चों के रिश्ते किए हैं, उनमें सबसे अमीर कौन है ?

मुकेश अंबानी की किस संतान की ससुराल सबसे रईस?
रिलायंस इंडस्ट्री के सर्वेसर्वा और एशिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी की तीनों संतान को अब ससुराल मिल चुका है। आकाश अंबानी और ईशा अंबानी की शादियां पहले ही हो चुकी हैं और अब सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी के विवाह से पहले की रस्में शुरू हो चुकी हैं। उनकी शादी अरबपति कारोबारी वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट के साथ होने वाली है, जिसके लिए रोका की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इस तरह से साफ है कि इस समय भारत के दूसरे नंबर के अमीर परिवार के तीनों बच्चों को अरबपति ससुराल मिला है। लेकिन, दिलचस्पी इस बात में है कि मुकेश अंबानी की किस संतान की ससुराल अरबपतियों में भी सबसे ज्यादा रईश है।

अरबपति परिवार में हो रही है अनंत अंबानी की शादी
गुरुवार को ही मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की रोका सेरेमनी राधिका मर्चेंट के साथ संपन्न हुई है। शादी से पहले की यह रस्म राजस्थान के नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में हुई है, जहां से अंबानी परिवार का बहुत ही गहरा आस्था का नाता जुड़ा रहा है। राधिका मर्चेंट Encore हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और वाइस चेयरमैन वीरेन मर्चेंट की बेटी हैं। उनकी और भी कई कंपनियां हैं और वह देश के धनाढ्य उद्योगपतियों में शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 24 साल की राधिका खुद भी अपने पिता की एक कंपनी में डायरेक्टर हैं। वैसे राधिका की पहचान एक क्लासिक डांसर की भी रही है। जानकारी के मुताबिक वीरेन मर्चेंट की कुल संपत्ति करीब 755 करोड़ रुपए की है।

आकाश अंबानी के ससुर की संपत्ति हजारों करोड़ रुपए की है
मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की शादी 2019 में श्लोका मेहता के साथ हुई थी। आकाश के ससुराल वाले भी देश के बड़े रईसों में शुमार हैं। श्लोका मेहता के पिता अरुण रसेल मेहता हीरे के बिजनेस से जुड़े हैं। उनका हीरा कारोबार भारत में ही नहीं, दुनिया के कई देशों तक फैला हुआ है। उनकी हीरा कंपनी Rosy Blue के नाम से मशहूर है। देश के 26 शहरों में Rosy Blue के 40 के करीब स्टोर बताए जाते हैं। अगर आकाश अंबानी के ससुर की कुल संपत्ति की बात करें तो बिजनेस टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार उनकी कुल संपत्ति लगभग 3,000 करोड़ रुपए से भी अधिक है।

संपत्ति के मामले में सबसे धनाढ्य हैं अंबानी के ये समधी
मुकेश अंबानी और नीता अंबानी ने सबसे पहले अपनी बेटी ईशा अंबानी की शादी की थी। ईशा अंबानी की शादी 2018 में ही देश के एक बड़े उद्योगपति अजय पीरामल के बेटे आनंद पीरामल के साथ संपन्न हुई थी। जाहिर है कि अंबानी ने अपनी बेटी का हाथ जिस घर में दिया, दौलत के मामले में उनकी हैसियत जरूर देख रखी होगी। अजय पीरामल का पीरामल ग्रुप भारत के बड़े उद्योगपति घरानों में शामिल है। ईशा अंबानी के ससुराल वालों के हेल्थकेयर, फाइनेंस और फार्मा समेत कई तरह के कारोबार हैं। 30 से ज्यादा देशों में पीरामल ग्रुप के ब्रांच हैं। यदि मुकेश अंबानी के समधी अजय पीरामल की कुल संपत्ति की बात करें तो फोर्ब्स के अनुसार उनके पास लगभग 26,825 करोड़ रुपए की संपत्ति है। लेकिन, जब फोर्ब्स की रियल टाइम लिस्ट पर गौर करते हैं, तो उन्हें देश के 62वें नंबर की अमीर शख्सियत बताया गया है।

तीनों समधियों पर भी भारी हैं अकेले मुकेश अंबानी
लेकिन, दौलत के मामले में मुकेश अंबानी अपने तीनों समधियों की कुल संपत्ति मिलाकर भी सब पर भारी पड़ते हैं। फोर्ब्स के मुताबिक मुकेश अंबानी दौलत के मामले में दुनिया की 8वीं और एशिया की दूसरी सबसे अमीर शख्सियत हैं। उनका नेटवर्थ 90.1 अरब डॉलर बताया गया है। जबकि, उनकी रिलायंस इंडस्ट्री का बाजार मूल्य 17 लाख करोड़ रुपए से भी अधिक का बताया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications