भारत बंद के बीच बोले नरेंद्र सिंह तोमर- MSP और मंडियां जारी रहेगी, भ्रामक प्रचार से बचें किसान
किसान संगठनों की तरफ से बुलाए गए भारत बंद के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ट्वीट किया है।
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों की तरफ से बुलाए गए भारत बंद के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों को भ्रामक प्रचार से बचने की सलाह दी है। नरेंद्र सिंह तोमर ने ट्वीट करते हुए कहा कि केंद्र के नए कृषि कानूनों से किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी, इसलिए उन्हें विघटनकारी और अराजकतावादी ताकतों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से बचना चाहिए। गौरतलब है कि नरेंद्र सिंह तोमर और किसानों के बीच दिल्ली के विज्ञान भवन में पांच दौर की बैठक हो चुकी है और 9 दिसंबर को अगली बैठक होगी।
Recommended Video

नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'नए कृषि सुधार कानूनों से आएगी किसानों के जीवन में समृद्धि। विघटनकारी और अराजकतावादी ताकतों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से बचें। एमएसपी और मंडियां भी जारी रहेगी और किसान अपनी फसल अपनी मर्जी से कहीं भी बेच सकेंगे।' एक और ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, 'नए कृषि सुधार कानूनों से आएगी किसानों के जीवन में समृद्धि। देश में कोल्ड स्टोर एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में निवेश बढ़ेगा और किसान पर्याप्त भंडारण कर सकेंगे। राजनीतिक एजेंडे के तहत फैलाए जा रहे दुष्प्रचार और समाज को बांटने वाली ताकतों से बचें।'
अमित शाह के साथ आज किसानों की बैठक
इस बीच एक बड़ी खबर यह भी है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को शाम 7 बजे भारतीय किसान यूनियन के नेताओं को मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाया है। इस बारे में जानकारी देते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने बताया, 'मेरे पास फोन आया और बताया गया कि गृह मंत्री अमित शाह ने आज शाम 7 बजे हमें बैठक के लिए बुलाया है। इस बैठक में उन किसान संगठनों के नेता शामिल होंगे, जो कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।' आपको बता दें कि किसानों की तरफ से आज बुलाए गए भारत बंद को कांग्रेस, सपा, बसपा, एनसीपी, आम आदमी पार्टी, डीएमके और टीआरएस सहित कई विपक्षी दलों ने अपना समर्थन दिया था।












Click it and Unblock the Notifications