'मोदी सरकार, मुसलमानों को भटकाने के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है...', वक्फ विधेयक पर बोले MP इमरान प्रतापगढ़ी
MP Imran Pratapgarhi On Waqf (Amendment) Bill: वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में 2 अप्रैल को पास हो गया है। लोकसभा में बिल के पक्ष में 288 और विरोध में 232 वोट पड़े हैं। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित होने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 'छूट वाले पारस्परिक टैरिफ' की घोषणा करने को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की है।
सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, ''कल रात 2 बजे तक सरकार ने लोकसभा में वक्फ विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन उसी समय भारत पर 26 प्रतिशत टैरिफ वृद्धि लागू कर दी गई। देश और उसके लोगों को यह समझने की जरूरत है कि मोदी सरकार किस तरह मुसलमानों को भटकाने के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है।''

इमरान प्रतापगढ़ी ने आगे कहा, ''न तो मोदी जी और न ही उनकी कैबिनेट इस टैरिफ मुद्दे पर कुछ कह रही है, और हमने सुना है कि मोदी जी पहले ही थाईलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं।''
असल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत कई देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की घोषणा की है। अमेरिकी सरकार की ओर से भारत समेत लगभग 100 देशों की लिस्ट जारी की गई है...जिनपर 'रेसिप्रोकल टैरिफ' लगाया गया है।
वक्फ विधेयक पर लोकसभा में क्या बोले विपक्षी नेता?
टीएमसी संसदीय दल के नेता कल्याण बनर्जी, कांग्रेस के गौरव गोगोई और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सांवत समेत विपक्षी नेताओं ने वक्फ संशोधन विधेयक को संविधान के खिलाफ बताया है। गौरव गोगोई ने ये तक आरोप लगाया कि बिल पर बनी संयुक्त संसदीय समिति में ठीक से चर्चा भी नहीं की गई है।
सांसद केसी वेणुगोपाल ने एनडीए सरकार धर्म के नाम पर बंटवारा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में बहुत सारे बिल लाए जा रहे हैं लेकिन वो बिल नहीं लाया जा रहा है...जिससे देश के युवा बेरोजगारों को फायदा मिला।
उत्तर प्रदेश से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि मुसलमानों के वक्फ की जमीन पर सरकार की नजर है...इसलिए ये बिल लाया जा रहा है। सरकार इसे जमानती धाराओं में लाकर वक्फ की जमीन पर कब्जे को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications