दिल्ली में केजरीवाल बनेंगे किंग मेकर, भाजपा की तीन राज्यों में जीत
नई दिल्ली। नवंबर में होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनावों में टाइम्स नाउ और सी वोटर के सर्वे के मुताबिक तीन राज्यों में भाजपा बहुमत में रहेगी जबकि दिल्ली में आम आदमी पार्टी किंगमेकर की भूमिका में रहेगी। सर्वे के अनुसार मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में भाजपा की सत्ता बरकरार रहेगी तो राजस्थान में भाजपा की वापसी होगी। कुल मिलाकर चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा कांग्रेस पर भारी पड़ेगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव- महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर घिरी दिल्ली की कांग्रेस सरकार की सींटें इस बार भाजपा से कम होंगी। सर्वे के अनुसार भाजपा को 30, कांग्रेस को 29 और आम आदमी पार्टी को 7 सीटें मिलेंगी। ऐसे में आप के बिना सरकार नहीं बनेगी क्योंकि बहुमत के लिए 36 सीटों का होना जरूरी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के रूप में दिल्ली के 37 फीसदी लोग शीला दीक्षित को 18 फीसदी लोग विजय गोयल को और 17 फीसदी लोग अरविंद केजरीवाल को देखना चाहते हैं।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव- सर्वे के अनुसार एमपी में भाजपा की जीत के साथ ही शिवराज सिंह चौहान फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। इस बार कांग्रेस को 13 सीटों का लाभ होने की उम्मीद है लेकिन भाजपा की सत्ता में वापसी तय है। सर्वे में भाजपा को 130, कांग्रेस को 84, बसपा को 5 और अन्य को भी 5 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए 56 फीसदी लोग शिवराज सिंह चौहान, 23 फीसदी लोग ज्योर्तिआदित्य सिंधिया, 3 फीसदी लोग दिग्विजय सिंह और चार फीसदी लोग उमा भारती और 14 फीसदी अन्य के पक्ष में हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव- छत्तीसगढ़ में भाजपा फिर एक बार कांग्रेस पर जीत हासिल करेगी, इस चुनाव में कांग्रेस को 40, भाजपा को 47, बसपा को 2 और अन्य को एक सीट हासिल होगी। सर्वे के अनुसार 48 फीसदी लोग रमन सिंह को मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं।
राजस्थान का चुनाव परिणाम- सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में भाजपा को 118 सीटें, कांग्रेस को 64, बसपा को 3 और अन्य को 15 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं 44 फीसदी लोग वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार मानते हैं। अशोक गहलोत के पक्ष में 25 फीसदी, सचिन पाइलेट के पक्ष में 5 और सी पी जोशी के पक्ष में चार फीसदी लोग हैं।












Click it and Unblock the Notifications