राजस्थान के इस इलाके में 1 डिग्री पहुंचा तापमान, शीत लहर से कांपे लोग
शनिवार को राजस्थान के एक इलाके में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
नई दिल्ली। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी के बीच देश के मैदानी इलाकों में ठंड और शीत लहर का प्रकोप बढ़ने लगा है। शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जो 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाकों से मैदानी इलाकों की तरफ आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। इस बीच राजस्थान में एक इलाका ऐसा भी है, जहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को राजस्थान के चुरू में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 6 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 7.1 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 9.8 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

24 घंटों के भीतर और गिरेगा रात का पारा
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को राजस्थान के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और इससे भी कम रिकॉ़र्ड किया गया। अगले 24 घंटों के भीतर रात के तापमान में और ज्यादा गिरावट दर्ज की जा सकती है। गौरतलब है कि पिछले दिनों राजस्थान के जयपुर, झुंझनू और सीकर समेत कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने से भी मौसम ने करवट बदली है।
Recommended Video

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में शीत लहर
आपको बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में इस समय जमकर बर्फबारी हो रही है और उन क्षेत्रों से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की तरफ चलनी शुरू हो गई हैं। किसी इलाके में न्यूनतम तापमान जब 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे चला जाता है, तो उसे शीत लहर की स्थिति माना जाता है। साथ ही अगर किसी इलाके में तापमान लगातार दो दिनों तक सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहता है, तो उस स्थिति को भी मौसम विभाग शीत लहर घोषित कर देता है।


Click it and Unblock the Notifications
