Covid-19: मौत के मामले में मुंबई सबसे ज्यादा प्रभावित शहर, आंकड़ा 10 हजार के पार
नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस पूरे देश में फैल गया है। मौजूदा वक्त में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां पर मौत के आंकड़े ने भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सिर्फ राजधानी मुंबई की ही बात करें तो वहां पर 10 हजार से ज्यादा मौतें हुईं है। देशभर में इतनी ज्यादा मौतें किसी अन्य शहर में नहीं हुई। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो कोरोना के मामले अब कम होते नजर आ रहे हैं।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शनिवार को कोरोना वायरस के 1257 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही 50 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई, जिस वजह से आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंच गया है। इसके अलावा 24 अक्टूबर तक मुंबई में 2,50,061 मामलों की पुष्टि हुई है। जिसमें 2,19,152 ठीक हो चुके हैं, ऐसे में एक्टिव केस की संख्या 18 हजार से कम ही है।
बीएमसी के ताजा अपडेट के मुताबिक अब मुंबई में रिकवरी रेट 88 प्रतिशत हो गया है, जबकि 17-23 अक्टूबर के बीच ग्रोथ रेट 0.58 प्रतिशत ही है। सिर्फ मुंबई शहर में ही अब तक 14,37,445 सैंपल की जांच की गई है। एक दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक शहर में जितने लोगों की मौत हुई है, जिसमें से 85 प्रतिशत की उम्र 50 साल से ऊपर थी। इसमें भी 60-69 आयु वर्ग वाले लोगों की ज्यादा मौतें हुई हैं।
क्या है देश का हाल?
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 50,129 नए मामले सामने आए हैं और 578 मौतें हुई हैं। जिस वजह से अब कोरोना का आंकड़ा 78,64,811 हो गया है, इसमें 6,68,154 ऐक्टिव केस हैं, जबकि 70,78,123 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। महाराष्ट्र लिस्ट में टॉप पर है, जहां पर 16,38,961 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 14,55,107 ठीक हो चुके हैं, जबकि 43,152 की मौत हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications