केंद्र सरकार ने 14 फसलों का MSP बढ़ाया, राजनाथ सिंह बोले, किसानों को फसल की सही कीमत मिलेगी
नई दिल्ली: मोदी सरकार ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले देश के किसानों को बड़ी सौगात दी है। खरीफ की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने का फैसला कैबिनेट मीटिंग में लिया गया है। कैबिनेट मीटिंग में 14 फ़सलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने का ऐलान किया गया है। वहीं, इस फैसले के बाद प्रेस वार्ता करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया और कहा कि देश के किसान को इससे लाभ मिलेगा। सरकार किसानों के हित के लिए काम कर रही है।

कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि अब खरीफ की फसल का डेढ़ गुना एमएसपी किया गया है। किसानों को फसल की सही कीमत मिलेगी और धान की फसल पर एमएसपी 1750 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है जबकि पिछले साल यह 1550 रुपये थी। राजनाथ सिंह ने कहा कि बाजरे की लागत पहले 990 रुपये होती थी जोकि अब 1950 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है।

बता दें कि कैबिनेट के फैसले के बाद रागी की एमएसपी 52.5 फीसदी, ज्वार की एमएसपी में 42 फीसदी, बाजरा में 36.8 फीसदी और मूंग में 25.1 फीसदी का इजाफा करने का फैसला किया गया है। जबकि तुअर की एमएसपी में सिर्फ 4.1 फीसदी और उड़द में 3.7 फीसदी ही इजाफा किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications