मॉडल को आंखों में टैटू बनवाना पड़ा भारी, आर्टिस्ट की एक गलती से चली गई आंखों की रोशनी
व्रोकला। आज के दौर में अधिकतर लोगों को टैटू बनवाने का शौक होता है। कोई हाथों पर बनवाता है तो कोई चेहरे पर। इस बीच टैटू के दीवाने लोग ये भूल जाते हैं, कि ये शरीर के संवेदनशील हिस्सों को कितना नुकसान पहुंचा सकते हैं। पोलैंड के व्रोकला की रहने वाली एक मॉडल के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है। अलेक्जेंड्रा सदोव्स्का नाम इस मॉडल ने अपनी आंखों के अंदर काले रंग का टैटू बनवाया है, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई है, जल्द ही मॉडल की दूसरी आंख की रोशनी भी जा सकती है।

आईबॉल टैटू को Scleral Tattoos कहा जाता है
बताया जा रहा है कि अलेक्जेंड्रा रैप आर्टिस्ट पोपेक की तरह आईबॉल (Eye Ball) को काला करना चाहती थी और इसलिए वह एक टैटू ऑर्टिस्ट के पास गई थी। बता दें आईबॉल टैटू को Scleral Tattoos भी कहा जाता है। जो बॉडी मॉडीफिकेशन का एक तरीका है। इसमें किसी भी इंसान की आंखों के सफेद हिस्से में अलग-अलग रंग की इंक को इंजेक्ट किया जाता है। हालांकि, इस प्रक्रिया के दीर्घकालिक प्रभावों के बारे में अभी अधिक जानकारी नहीं है।

स्थानीय आर्टिस्ट से बनवाया था टैटू
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, अलेक्जेंड्रा अभी महज 25 साल की है। उसे टैटू बनवाने के बाद से ही अपनी आंखों में लगातार दर्द हो रहा है। उसने ये टैटू एक स्थानीय टैटू आर्टिस्ट से बनवाया था। जब इस आर्टिस्ट से आंखों में दर्द की शिकायत की, तो उसने कुछ पेनकिलर खाने की सलाह दे दी। हालांकि टैटू आर्टिस्ट को अब तीन साल की सजा सुनाई गई है।

टैटू आर्टिस्ट से हुई ये बड़ी गलती
जांच में ये बात भी सामने आई है कि टैटू आर्टिस्ट ने टैटू बनाते वक्त बहुत बड़ी गलती कर दी थी। उसने टैटू के लिए बॉडी इंक का इस्तेमाल किया, जिसे आंखों के लिए खतरनाक माना जाता है। अलेक्जेंड्रा ने अपनी आंखों की रोशनी को लेकर डॉक्टरों से संपर्क किया। जिसके बाद उसकी तीन सर्जरी की गईं। लेकिन फिर भी आंखों की रोशनी नहीं लौटी। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि अलेक्जेंड्रा की आंखों का ठीक होना मुश्किल है क्योंकि इंक आंखों के टिशू तक पहुंच गई है।

क्या बोल रहे हैं लोग?
अलेक्जेंड्रा को अब इस बात का डर है कि कहीं उसकी आंखों की रोशनी पूरी तरह ना चली जाए। अपनी आंखों पर टैटू वाली कई तस्वीरें उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की हैं। हालांकि कुछ लोग अलेक्जेंड्रा के टैटू की तारीफ कर रहे हैं और टैटू को खूबसूरत बता रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अलेक्जेंड्रा ने ऐसा करके ठीक नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications