'मेरे मंत्रियों को ना तो हिंदी आती है और ना अंग्रेजी', मिजोरम के CM ने अमित शाह से की मुख्य सचिव बदलने की मांग
आइजोल, 09 नवंबर। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक खत लिखा है, जिसमें उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव को बदलने का आग्रह किया है। सीएम ने कहा है कि हमारी सरकार के मंत्री ना तो हिंदी जानते हैं और कुछ तो अंग्रेजी भी नहीं जानते, इसलिए केंद्र सरकार अपने आदेश को संशोधित करते हुए मिजोरम के मुख्य सचिव को बदलें। मुख्यमंत्री ने अमित शाह से अनुरोध किया है कि वह अडिशनल चीफ सेक्रटरी जेसी रामथांगा को रेणु शर्मा की जगह राज्य का नया चीफ सेक्रटरी नियुक्त करें।

वर्तमान में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं जेसी रामथंगा
मुख्यमंत्री ने कहा है कि रेणु शर्मा के पास मिजो भाषा का ज्ञान नहीं है, जिसकी वजह से काम करने में काफी दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे मंत्री ना तो रेणु शर्मा की भाषा समझ पाते हैं और ना ही रेणु शर्मा मिजो भाषा समझती हैं। मुख्यमंत्री ने अपने खत में कहा है, "गुजरात कैडर के मुख्य सचिव लालनुनमाविया चुआउगो रिटायर होने के बाद सरकार ने रेणु शर्मा को नया मुख्य सचिव बनाया है, लेकिन मैं अनुरोध करता हूं कि मेरे वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी रामथंगा (मणिपुर कैडर) को राज्य का अगला मुख्य सचिव बनाया जाए।
28 अक्टूबर को रेणु शर्मा को किया था मुख्य सचिव नियुक्त
आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने 28 अक्टूबर को 1988 बैच की एजीएमयूटी कैडर की आईएएस अधिकारी रेणु शर्मा को मिजोरम का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया था। रेणु शर्मा ने 1 नवंबर से अपद पद संभाला है। 1 नवंबर को ही मिजोरम के सीएम ने जेसी रामथंगा को राज्य का नया मुख्य सचिव का कार्यभार संभालने का आदेश दिया था। इस हिसाब से अभी मिजोरम में 2 मुख्य सचिव हैं।












Click it and Unblock the Notifications